उन्नाव ,19 दिसंबर (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में पुलिस ने चोरी के एक ऐसे मामले का खुलासा किया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। यहां चोरों ने गहने या नकदी पर नहीं, बल्कि मुर्गियों पर हाथ साफ किया और वारदात को अंजाम देने के लिए किसी लोडिंग वाहन का नहीं, बल्कि एक कार का इस्तेमाल किया। फतेहपुर चौरासी थाना पुलिस ने एक पोल्ट्री फार्म से चोरी की गई 36 मुर्गियों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने इन मुर्गियों को कार की डिग्गी और सीटों के बीच ठूंस-ठूंसकर भरा हुआ था, जिसे देखकर पुलिसकर्मी भी दंग रह गए।
घटना की शुरुआत 17 दिसंबर को हुई जब फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के सुभाष नगर निवासी मुर्गी फार्म मालिक शरीफ ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शरीफ ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि कार सवार तीन अज्ञात चोरों ने उनके फार्म की जाली काटकर मुर्गियों की चोरी को अंजाम दिया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत केस दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली और चिरंजूपुरवा गांव के रहने वाले 30 वर्षीय आरोपी सरोज को उस वक्त पकड़ लिया गया, जब वह चोरी की मुर्गियों को कार में भरकर ले जा रहा था। तलाशी लेने पर कार के अंदर से 36 मुर्गियां बरामद हुईं, जिन्हें डिग्गी से लेकर आगे-पीछे की सीटों तक में भरा गया था।
पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ है कि इस वारदात में सरोज अकेला नहीं था, बल्कि उसके दो अन्य साथी भी शामिल थे जो फिलहाल फरार हैं। पुलिस उन दोनों की सरगर्मी से तलाश कर रही है और मुख्य आरोपी सरोज को जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने इस कार्रवाई का वीडियो भी जारी किया है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर यह कार्रवाई एक कड़ा संदेश है और आगे भी निगरानी सख्त की जाएगी। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

