विदिशा 19 Dec, (Rns) । मध्य प्रदेश के विदिशा जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे शहर को भावुक कर दिया। जहां एक परिवार ने घर से गई अपनी बेटी का अंतिम संस्कार कर दिया। मामला शहर की चुना वाली गली का है, जहां रहने वाले कुशवाह परिवार ने अपनी 23 वर्षीय बेटी के फैसले से आहत होकर यह कदम उठाया।
जानकारी के मुताबिक, कुशवाह परिवार की बेटी कविता कुशवाहा कुछ दिन पहले घर से चली गई थी। परिजनों ने पहले आसपास और रिश्तेदारी में उसकी काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला, तो बाद में जानकारी सामने आई कि वह एक युवक के साथ घर छोड़कर गई है। इस खबर से पूरा परिवार सदमे में आ गया।
दुख और पीड़ा में डूबे परिजनों ने कविता का आटे से पुतला बनाया, अर्थी सजाई और शहर में प्रतीकात्मक रूप से उसकी अंतिम यात्रा निकाली। इसके बाद शमशान घाट पहुंचकर विधि-विधान से उसका अंतिम संस्कार किया। इस दौरान परिवार के कई रिश्तेदार भी मौजूद रहे।
लड़की के भाई राजेश कुशवाहा ने कहा कि “हमने बहन को बहुत लाड़-प्यार से पाला, उसकी हर इच्छा पूरी की। उसे अच्छे से पढ़ाया-लिखाया, उससे हमें बहुत उम्मीदें थीं। लेकिन वह हम सबको छोड़कर चली गई। आज हमने बेटी नहीं, अपने अरमानों की अर्थी निकाली है।”
परिवार का कहना है कि इस फैसले ने उन्हें भीतर तक तोड़ दिया है और वे गहरे मानसिक आघात में हैं। कविता के पिता रामबाबू कुशवाहा ने कहा कि “बेटी के इस फैसले से मैं पूरी तरह टूट गया हूं। यह मेरे जीवन का सबसे दुखद क्षण है।”

