कोडीन तस्करी पर सरकार का कड़ा रुख, शीतकालीन सत्र 24 दिसंबर तक
लखनऊ 19 Dec, (आरएनएस )। विधानसभा के शीतकालीन सत्र के शुभारंभ से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत के दौरान समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बात किसी से छिपी नहीं है कि प्रदेश के लगभग हर माफिया के तार समाजवादी पार्टी से जुड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आए हैं कि एसटीएफ और उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्रवाई में पकड़े गए कुछ अभियुक्तों के संबंध समाजवादी पार्टी से रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो पार्टी अपनी कार्यप्रणाली के कारण पहले से ही बदनाम और कुख्यात रही है, इस पूरे प्रकरण में भी उसकी संलिप्तता उजागर होती दिखाई दे रही है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस पूरे मामले में अंतिम टिप्पणी पूरी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी, लेकिन इतना स्पष्ट है कि सपा प्रमुख द्वारा दिए जा रहे बयान उसी स्थिति को दर्शाते हैं, जैसा कहा गया है कि गलती दूसरों में खोजी जा रही है, जबकि वास्तविकता स्वयं के चेहरे पर मौजूद है। उन्होंने कहा कि जिन माफियाओं के साथ तस्वीरें सामने आ रही हैं, उनसे अवैध लेन-देन और आपराधिक संबंधों का खुलासा होना स्वाभाविक है। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि जांच को अपना काम करने दिया जाए, सच सामने आ जाएगा और दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा।कोडीन फॉस्फेट से जुड़े मामले पर सरकार का पक्ष रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कोडीन फॉस्फेट एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत आने वाली औषधि है, जिसका उपयोग गंभीर खांसी के इलाज में प्रयुक्त होने वाले कफ सिरप के निर्माण में किया जाता है। इसका कोटा और आवंटन केवल अधिकृत औषधि निर्माताओं को सेंट्रल नारकोटिक्स ब्यूरो द्वारा दिया जाता है। उन्होंने कहा कि शिकायतें सामने आई थीं कि कोडीन युक्त कफ सिरप का कई स्थानों पर नशीले पदार्थ के रूप में दुरुपयोग किया जा रहा है। इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया।मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के नेतृत्व में इस मामले को एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत लेते हुए व्यापक अभियान चलाया गया है। इस कार्रवाई में यूपी पुलिस, एफएसडीए और एसटीएफ संयुक्त रूप से काम कर रहे हैं, जिसमें अब तक बड़े पैमाने पर अवैध तस्करी के मामलों का खुलासा हुआ है और कई गिरफ्तारियां की गई हैं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निगरानी एक राज्य स्तरीय एसआईटी कर रही है, जिसमें अवैध तस्करी से जुड़े धन के लेन-देन सहित सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।शीतकालीन सत्र को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि यह सत्र आज से प्रारंभ होकर 24 दिसंबर तक चलेगा। उन्होंने कहा कि सत्र में आने वाले सभी माननीय सदस्यों का स्वागत है और इस दौरान जनता से जुड़े मुद्दों, उत्तर प्रदेश के विकास से संबंधित विधायी कार्यों और विभिन्न विभागों की अनुपूरक मांगों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर एक विशेष चर्चा आयोजित की जाएगी और इसके रचयिता बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश की स्थापना तिथि और ‘वंदे मातरम्’ को संवैधानिक मान्यता दिए जाने की अधिसूचना की तिथि एक ही होने के कारण यह चर्चा विशेष महत्व रखती है।मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि विधानसभा के एक वर्तमान सदस्य के आकस्मिक निधन के कारण आज सदन में शोक प्रस्ताव रखा जाएगा, जिसके चलते विधानसभा में संभवतः अन्य कार्यवाही नहीं हो सकेगी। हालांकि यदि विधान परिषद में कोई विषय उठता है तो सरकार की ओर से उसका उत्तर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि बाहर भी इस विषय पर कोई प्रश्न उठाया जाता है, तो सरकार तथ्यात्मक और स्पष्ट जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सर्वदलीय बैठक में सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि वह सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है। सरकार विकास से जुड़े विषयों पर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ रही है और सत्र के सुचारु संचालन के लिए सभी दलों के सहयोग की अपेक्षा करती है। उन्होंने कहा कि देश का सबसे बड़ा विधानमंडल लगातार सही दिशा में आगे बढ़ रहा है और जब लोकतंत्र के पवित्र मंच चर्चा और संवाद के केंद्र बनते हैं, तब जनप्रतिनिधि जनता के विश्वास पर खरे उतरते हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह शीतकालीन सत्र उत्तर प्रदेश के विधानमंडल और राज्य के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

