खजुराहो 19 Dec, (rns) । 11वें खजुराहो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में शामिल होने के लिए एक्ट्रेस पूनम ढिल्लों खजुराहो पहुंचीं। एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि खजुराहो बहुत आसान जगह नहीं है। यहां पहुंचने के लिए काफी साल से कोशिश कर रहे थे, आज जाकर पहुंचे हैं। यहां जिस तरह से मन्त्रों के स्वरों से उनका स्वागत हुआ, उसके लिए उन्होंने खुशी जाहिर की।
खजुराहो शिल्पग्राम में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पूनम ढिल्लों ने कहा कि खजुराहो में कल्चर है, नेचर ब्यूटी है। लेकिन कनेक्टिविटी एक मुद्दा है। हालांकि फ्लाइट्स झटका मारते-मारते आ ही जाती हैं, सरकार इस पर ध्यान देगी। वहीं मुंबई से कनेक्टिविटी को जरूरी बताया।
पूनम ढिल्लों ने यह भी बताया कि वह खजुराहो में रहकर फुल एन्जॉय करना चाहती हैं। यहां की ब्यूटी, कल्चर को भी देखना है। वापिस जाने से पहले मैं यह नहीं कहना चाहती हूं कि खजुराहो आकर यहां कुछ नहीं देखा। कोशिश करूंगी कि बार-बार खजुराहो आऊं, भले ही इस मौसम में नहीं।
बता दें कि खजुराहो फिल्म फेस्टिवल का आगाज 16 दिसंबर से हुआ था, जो 22 दिसंबर तक आयोजित होगा। इस बार का महोत्सव फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र और असरानी को समर्पित है। महोत्सव की पहली शाम अभिनेता अनुपम खेर शामिल हुए थे।
इस बार फिल्म महोत्सव में एक्टर नाना पाटेकर, सौरभ शुक्ला, प्रदीप रावत, पंकज बेदी शामिल होंगे। साथ ही एक्ट्रेस हेमा मालिनी, भाग्य श्री, पूनम ढिल्लों भी इस महोत्सव का हिस्सा बनेंगी।
आयोजन में जन जातीय गौरव वर्ष, आपातकाल छाया चित्र प्रदर्शनी, किसान जागरूकता, युवा मार्गदर्शन, मिशन शक्ति, नशा मुक्ति के लिए जन जागरूकता, आयुष शिविर आयोजित किए जाएंगे।

