अल्मोड़ा,20 दिसंबर (आरएनएस)। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित जनपद भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने को जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने गंभीर अनुशासनहीनता माना है। इस मामले में जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी अल्मोड़ा का वेतन तत्काल प्रभाव से रोके जाने के आदेश दिए हैं और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की संस्तुति शासन को भेजी है। मुख्यमंत्री के जनपद भ्रमण को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए शुक्रवार को जनपद स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, लेकिन जिला पूर्ति अधिकारी बैठक में अनुपस्थित पाए गए। इसे शासकीय निर्देशों की स्पष्ट अवहेलना माना गया। बैठक के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी से कई बार दूरभाष पर संपर्क किया गया, जिस पर उन्होंने अलग-अलग कारण बताए। इसके बावजूद स्पष्ट निर्देश होने के बाद भी बैठक में उपस्थित न होना और समीक्षा कार्य में बाधा उत्पन्न करना उनके शासकीय दायित्वों के प्रति लापरवाही और उदासीनता को दर्शाता है। इस कारण खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर समुचित समीक्षा और निर्णय नहीं हो सके। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने इस कृत्य को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम जैसी महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारी के प्रति गंभीर अनुशासनहीनता बताते हुए कर्मचारी आचरण नियमावली का उल्लंघन करार दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में यदि किसी अधिकारी द्वारा आदेशों की अवहेलना, लापरवाही या बहानेबाजी की जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को चेतावनी दी कि मुख्यमंत्री और शासन स्तर के कार्यक्रमों में पूर्ण गंभीरता, अनुशासन, उत्तरदायित्व और समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, अन्यथा कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

