वाशिंगटन, 15 अपै्रल। अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरानी बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकाबंदी लागू करना शुरू कर दी है। अमेरिका की केंद्रीय कमान (सीईएनटीसीओएम) का कहना है कि ईरानी बंदरगाहों पर लगाई गई नाकाबंदी ईरान के तटीय क्षेत्रों या बंदरगाहों में प्रवेश करने या बाहर निकलने वाले सभी देशों के जहाजों के खिलाफ निष्पक्ष रूप से लागू की जा रही है। सीईएनटीसीओएम ने कहा कि पिछले 24 घंटे में होर्मुज से एक भी जहाज नहीं गुजरा है।
अमेरिका ने दावा किया है कि 6 व्यापारिक जहाजों ने होर्मुज को पार किया था, जिन्हें वापस लौटने का आदेश दिया गया। इसके बाद ये जहाज दोबारा ईरानी बंदरगाहों की ओर चले गए। हालांकि, सीईएनटीसीओएम ने कहा कि जो जहाज ईरान आ या जा नहीं रहे हैं, उन्हें होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की पूरी आजादी है।
सूत्रों ने बताया कि अमेरिका ओमान की खाड़ी में जहाजों को रोक रहा है।
सीईएनटीसीओएम ने बताया कि 10,000 से ज्यादा अमेरिकी नाविक, मरीन और वायुसैनिक, एक दर्जन से ज्यादा जंगी जहाज और दर्जनों विमानों के साथ मिलकर ईरानी बंदरगाहों में आने-जाने वाले जहाजों को रोकने का मिशन चला रहे हैं। इसमें अरब की खाड़ी और ओमान की खाड़ी पर स्थित सभी ईरानी बंदरगाह भी शामिल हैं। सीईएनटीसीओएम ने बताया कि विमानवाहक पोत, जंगी जहाज, गाइडेड मिसाइल डेस्ट्रॉयर, मानव रहित विमान समेत कई तरह के विमान तैनात किए गए हैं।
मरीनट्रैफिक के अनुसार, अमेरिकी नाकाबंदी लागू होने के बावजूद ईरान से जुड़े 4 जहाजों ने होर्मुज जलडमरूमध्य को पार किया है। हालांकि, इनमें से 2 ने अपना रास्ता बदल लिया। जहाज ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, अमेरिकी प्रतिबंधों के तहत प्रतिबंधित टैंकर रिच स्टारी, जो चीनी स्वामित्व वाला और मलावी ध्वज वाला जहाज है, संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह से होर्मुज जलडमरूमध्य से होते हुए रवाना हुआ, लेकिन बाद में उसने अपनी दिशा बदल ली।
रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 20 से ज्यादा जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, लाइबेरिया के ध्वज वाला एक जहाज क्रिस्टियाना भी ईरान के बंदर इमाम खुमैनी बंदरगाह से निकलने के बाद जलडमरूमध्य से पार हुआ। हालांकि, ये वापस लौट गया है। एल्पिस नामक एक अन्य जहाज भी ईरान के बुशहर बंदरगाह से निकलकर जलडमरूमध्य से गुजरा है। चाबहार बंदरगाह से ईरानी ध्वज वाले 2 जहाज भी होर्मुज से गुजरे हैं।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

