भोपाल,20 दिसंबर (आरएनएस)। अशोका गार्डन सुभाष कॉलोनी में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक नकाबपोश बदमाश ने पेट्रोल डालकर एक बाइक पर आग लगा दी। पास में खड़ी अन्य गाडिय़ों को समय रहते हटा दिया गया, लिहाजा दूसरे वाहन आग की चपेट में नहीं आए। वारदात का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया।
बाइक की बैटरी में ब्लास्ट की आवाज से मकान मालिक की नींद खुली। पानी डालकर आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर हुलिए के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक बाइक 55 वर्षीय खुमान सिंह की थी। आरोपी चेहरे पर कपड़ा लपेटे था और वारदात को अंजाम देने के बाद भाग निकला। घटना शुक्रवार 1:15 बजे की है। शनिवार सुबह पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। खुमान के मकान मालिक देवेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि सात महीने से खुमान अपने परिवार के साथ उनके मकान में किराए से रह रहे हैं।
पिपलानी इलाके में दुकान का संचालन करते और मोटर बाइंडिंग करते हैं। खुमान ने किसी पर संदेह भी जाहिर नहीं किया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।

