फरीदाबाद 23 Dec, (rns): जिंदगी कब और कहां साथ छोड़ दे, इसका कोई भरोसा नहीं। हरियाणा के फरीदाबाद से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को सन्न कर दिया है। यहां सेक्टर 75 स्थित डी-मार्ट मॉल में चल रही एक पार्टी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब डीजे पर थिरक रहे एक 23 वर्षीय युवक की अचानक नाचते-नाचते मौत हो गई। मृतक की पहचान देवकी नंदन के रूप में हुई है, जो इसी मॉल में पिछले चार सालों से काम कर रहा था।
घटना रविवार रात करीब सवा नौ बजे की बताई जा रही है। मॉल के बेसमेंट में कंपनी की ओर से कर्मचारियों के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। माहौल जश्न का था और डीजे की तेज धुन पर सभी कर्मचारी डांस कर रहे थे। देवकी नंदन भी अपने साथियों के साथ मस्ती में झूम रहा था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उसका आखिरी डांस साबित होगा। यह पूरा वाकया वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि देवकी नंदन डीजे पर डांस कर रहा है और अचानक उसके कदम लड़खड़ाते हैं। वह वहीं जमीन पर गिर पड़ता है। वीडियो देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि उसे संभवतः दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ा, जिसने उसे संभलने का मौका तक नहीं दिया।
युवक के डांस फ्लोर पर गिरते ही वहां हड़कंप मच गया। साथी कर्मचारी उसे आनन-फानन में सेक्टर 8 स्थित सर्वोदय अस्पताल लेकर भागे, ताकि उसकी जान बचाई जा सके। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन द्वारा सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। बताया जा रहा है कि मृतक देवकी नंदन मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के सुरीला थाना क्षेत्र के गांव मरोली गुर्जर का रहने वाला था।

