कोरबा 23 दिसंबर(आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। कारखाना मोहल्ला निवासी, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, जनपद सदस्य और ठेकेदार अक्षय गर्ग पर अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में अक्षय गर्ग की मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच अक्षय गर्ग ग्राम केशलपुर में अपनी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्य की साइट पर मौजूद थे। इसी दौरान काले रंग की कार में सवार होकर पहुंचे करीब तीन हमलावरों ने उन पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में अक्षय गर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कटघोरा निवासी भाजपा नेता व जनपद सदस्य की दिनदहाड़े हत्या से जिला सहित प्रदेश में खलबली मची हुई है। आज सुबह ग्राम केशलपुर थाना कटघोरा में उनके सड़क निर्माण साइट पर जानलेवा हमला कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर आईजी डॉ.संजीव शुक्ला घटनास्थल के लिए बिलासपुर से रवाना हो चुके हैं। वे घटना स्थल का निरीक्षण करेंगे। भाजपा नेता अक्षय गर्ग की हत्या से क्षेत्र में शोक और आक्रोश व्याप्त है। जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित आला अधिकारी, फॉरेंसिक टीम, सायबर टीम घटना स्थल पर मौजूद हैं। अलग-अलग टीम गठित कर कई बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी गई है।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

