रायपुर, 23 दिसंबर (आरएनएस)। झीरम घाटी में करीब 12 वर्ष पूर्व हुए नक्सली हमले को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर एक बार फिर तीखा प्रहार किया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने कहा कि इस हमले के बाद कांग्रेस के लोग ही अपने नेताओं की भूमिका पर संदेह जता रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा, इस मुद्दे पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा के बयान के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। मंगलवार को रायपुर स्थित एकात्म परिसर में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में डॉ. मिश्रा ने कहा कि झीरम घाटी हमले में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं की एक पूरी पीढ़ी शहीद हुई, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस सरकार ने न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट को विधानसभा के पटल पर नहीं रखा। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि जांच रिपोर्ट में सब कुछ स्पष्ट था, तो भूपेश बघेल सरकार ने उसे सार्वजनिक करने से परहेज क्यों किया? आखिर किसे बचाने का प्रयास किया जा रहा था। डॉ. मिश्रा ने आरोप लगाया कि न्यायमूर्ति प्रशांत मिश्रा के नेतृत्व में गठित न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद भी तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने विधानसभा में उसे पेश करने के बजाय अपनी अलग जांच समिति बना दी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तंज कसते हुए कहा कि वे बार-बार जेब में सबूत होने की बात करते रहे, लेकिन आज तक वे सबूत सामने नहीं आए। भाजपा प्रवक्ता ने यह भी उल्लेख किया कि झीरम कांड के तुरंत बाद कांग्रेस नेताओं के बीच हुई बातचीत का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें चरणदास महंत द्वारा कवासी लखमा से पूछे गए सवालों ने खुद कांग्रेस के भीतर संदेह को जन्म दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग ही मानने लगे हैं कि इस पूरे मामले में कहीं न कहीं गड़बड़ी है। डॉ. मिश्रा ने दावा किया कि भाजपा सरकारों ने हमेशा नक्सलवाद के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में सलवा जुडूम अभियान के जरिए नक्सल समस्या से निपटने के प्रयास किए गए और वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई चल रही है। उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र अब नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
अंत में डॉ. मिश्रा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने न तो अपने शहीद नेताओं का सम्मान किया और न ही उनके परिजनों को न्याय दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश से नक्सलवाद का समूल नाश कर भाजपा सरकार झीरम कांड में शहीद कांग्रेस नेताओं को सच्ची श्रद्धांजलि दे रही है।
0

