बलौदाबाजार, 23 दिसंबर (आरएनएस)। जिले की सिमगा थाना पुलिस ने समाधान सेल में प्राप्त सूचना के आधार पर ग्राम संजारी नवागांव में जुआ खेल रहे 6 जुआरियों को गिरफ्तार किया है तथा उनके पास से 1,24,180 रूपये नगद एवं 52 पत्ती ताश जप्त किया है।
बता दें कि पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में आमजनों की शिकायत एवं समस्याओं को त्वरित निराकरण करने हेतु जिले में महत्वाकांक्षी योजना समाधान सेल प्रारंभ किया गया है, जिसकी सहायता से किसी प्रकार की भी सूचना, शिकायत अथवा अपराधिक गतिविधि की जानकारी समाधान सेल हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 में व्हाट्सएप अथवा कॉल के जरिए प्रदान की जा सकती है। समाधान सेल के माध्यम से आपराधिक कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों की धरपकड में भी लगातार कामयाबी मिल रही है। इसी क्रम में समाधान सेल में प्राप्त सूचना के आधार पर दिनांक 22.12.2025 को थाना सिमगा एवं साइबर सेल की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा ग्राम संजारी नवागांव में जुआ खेलते हुए 6 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने जुआरियों से नगदी रकम 1,24,180 रूपये एवं 52 पत्ती ताश जप्त किया है और उनके विरूद्ध थाना सिमगा में छ.ग. जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही किया गया है।
मामले में पुलिस ने अजय धृतलहरे उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम लिमतरा थाना सिमगा, रामेश्वर वर्मा उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम खैरा थाना नांदघाट जिला बेमेतरा, ऐस कुमार निषाद उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम चौरेंगा थाना सिमगा, कांशीराम गेण्डरे उम्र 60 वर्ष निवासी ग्राम मांढर खुर्द थाना सिमगा, भीमसेन उम्र 39 वर्ष निवासी बजरंग चौक नांदघाट जिला बेमेतरा तथा ओंकार कुंजाम उम्र 42 वर्ष निवासी नांदघाट जिला बेमेतरा को गिरफ्तार किया है।
लोकेश
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

