० राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई प्रारूप मतदाता सूची की प्रति
० 22 जनवरी तक लिए जाएंगे दावा-आपत्ति, मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी को
कोण्डागांव, 23 दिसम्बर (आरएनएस)। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशन के संबंध में आज जिला कार्यालय के सभा कक्ष में विभिन्न राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नुपूर राशि पन्ना ने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को जिले में संपादित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के निर्देशानुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण अर्हता तिथि 01.01.2026 का कार्य सम्पादित किया जा रहा है। जिसके तहत् इन्यूमेरेशन फेस में कोण्डागांव जिलान्तर्गत मतदाता गणना पत्रकों के डिजीटाईजेशन का कार्य शत प्रतिशत सम्पन्न किया जा चुका है। मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन आज दिनांक-23.12.2025 को जिलान्तर्गत स्थित समस्त ईआरओ एईआरओ कार्यालयों एवं विधानसभा 82 केशकाल, 83-कोण्डागांव एवं 84-नारायणपुर (आंशिक) स्थित समस्त 635 मतदान केन्द्रों में जनसाधारण के अवलोकनार्थ किया गया है। उक्त सूची का अवलोकन कर मतदाता यह जान सकते हैं कि उनका नाम मतदाता सूची में पंजीकृत है अथवा नहीं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एसआईआर कार्यक्रम के अनुसार प्रारूप (ड्रॉफ्ट) मतदाता सूची सीईओ छत्तीसगढ़ की वेबसाइट https://ceochhattisgarh.nic.in/ पर एवं जिले की वेबसाइट https://kondagaon.gov.in/ पर प्रदर्शित की गई है। दावा एवं आपत्ति अवधि 23 दिसम्बर से 22 जनवरी 2026 के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम जोडऩे तथा अपात्र नाम कटाने के लिए आवेदन किया जा सकता है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी को किया जाएगा। बैठक में बताया गया कि सभी मतदाताओं एवं सभी राजनीतिक दलों की सहभागिता से 18 दिसम्बर 2025 तक जिले में कुल 442194 मतदाताओं में से 04 लाख 11 हजार 599 मतदाताओं ने अपने गणना पत्रक जमा करवाए। साथ ही 30 हजार 595 मतदाता (अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृत) का नाम मतदाता सूची से विलोपित हुआ है। इस अवसर पर मतदाता सूची की बूथवार मुद्रित व डिजिटल प्रतियां सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गयी। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी चित्रकांत चाली ठाकुर, सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

