बीजापुर, 23 दिसंबर (आरएनएस)। बीजापुर में दिनांक 16 दिसम्बर से 22 दिसम्बर 2025 तक नव प्रशिक्षित आरक्षकों का थाना एवं कार्यालय संबंधी कार्यों का ओरिएंटेशन कोर्स आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में कुल 63 नव प्रशिक्षित आरक्षक शामिल हुए जिन्हें नवीन कानून, यातायात प्रबंधन, सीसीटीएनएस, ई-साक्ष्य, समंस और वारंट की तामिली, कोर्ट मोहर्रिर के कार्य, अंगुल चिन्ह तथा एफएसएल संबंधी विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण उपरान्त मूल्यांकन परीक्षा आयोजित की गई जिसमें प्रथम 3 प्रतिभागियों को पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव द्वारा नगद पारितोषिक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
दिनांक 23/12/2025 को समापन समारोह के दौरान अपने उद्बोधन में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह ओरिएंटेशन कोर्स थाना और कार्यालय में नवीन तैनाती के दौरान कार्यों को समझने और दक्षता बढ़ाने में सहायक होगा। उन्होंने आरक्षकों को अनुशासन, मेहनत और लगन से कार्य करने की आशा जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ प्रशिक्षण में शामिल सभी आरक्षकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऑप्स रविन्द्र कुमार मीणा, उप पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की, उप पुलिस अधीक्षक रोशन आहूजा एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

