दुर्ग, 23 दिसंबर (आरएनएस)। महिलाओं को स्वरोजग़ार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से महिला उद्यम वित्त ऋण विषय पर आधारित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 22 एवं 23 दिसंबर 2025 को डीपीआरसी, अंजोरा, दुर्ग में किया गया। यह प्रशिक्षण मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत दुर्ग के निर्देशानुसार वुमेन लीट एंटरप्राइज फाइनेंस के अंतर्गत आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ करने एवं उसके विस्तार हेतु उपलब्ध विभिन्न वित्तीय ऋण योजनाओं की जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी महिलाओं को ऋण आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, ऋण राशि, ब्याज दर, पुनर्भुगतान प्रणाली सहित विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में विशेषज्ञ वक्ताओं द्वारा बिजऩेस प्लान तैयार करने, परियोजना प्रतिवेदन डीपीआर निर्माण, बैंक एवं वित्तीय संस्थाओं से संपर्क स्थापित करने तथा वित्तीय प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया। प्रशिक्षण में एफएलसीआरपी, ईपी-सीआरपी एवं बैंक मित्र कैडर की महिलाओं ने सक्रिय सहभागिता की और इसे अत्यंत उपयोगी बताया।
इस अवसर पर बताया गया कि कार्यशाला का उद्देश्य महिलाओं को उद्यम स्थापना एवं स्वरोजग़ार हेतु वित्तीय सहायता योजनाओं से जोडऩा है, जिससे वे अपने व्यवसाय को सफलतापूर्वक प्रारंभ एवं विस्तारित कर सकें। कार्यक्रम में जिले की महिला उद्यमी, स्व-सहायता समूह की सदस्याएं तथा उद्यम प्रारंभ करने की इच्छुक महिलाएं शामिल हुईं। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हैं।
0

