० 465 खिलाडिय़ों ने लिया हिस्सा
धमतरी, 23 दिसम्बर (आरएनएस)। फिट युवा फॉर विकसित भारत थीम पर आधारित विधानसभा स्तरीय सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ पंडरी राव कृदत्त इनडोर स्टेडियम प्रांगण, धमतरी में गरिमामयी वातावरण में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक धमतरी श्री ओंकार साहू रहे। अध्यक्षता नगर निगम महापौर रामू रोहरा ने की, वही विशिष्ट अतिथि के तौर पर अध्यक्ष अन्य पिछड़ा वर्ग नेहरू निषाद, पूर्व विधायक रंजना डिपेन्द्र साहू, सभापति नगर निगम कौशल्या देवांगन तथा अध्यक्ष जनपद पंचायत धमतरी अंगिरा ध्रुव उपस्थिति रही। इस विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिता में पाँच क्लस्टरों से आए कुल 465 खिलाडिय़ों ने भाग लिया। प्रतियोगिताएं 11 खेल विधाओं—जैसे ऊँची कूद, लंबी कूद, खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल एवं बैडमिंटन—में आयोजित की गईं। खिलाडिय़ों ने उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपस्थित अतिथियों ने सभी खिलाडिय़ों को श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं तथा खेलों के माध्यम से शारीरिक फिटनेस और अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम हैं। विधानसभा स्तरीय सांसद खेल महोत्सव के विजेता खिलाड़ी आगामी लोकसभा स्तरीय सांसद खेल महोत्सव, महासमुंद में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस अवसर पर नोडल अधिकारी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) धमतरी एवं जिला खेल अधिकारी पीयूष तिवारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत धमतरी, उपायुक्त नगर निगम धमतरी, सहायक जिला खेल अधिकारी सहित विभिन्न खेलों के व्यायाम शिक्षक एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

