रुड़की 24 दिसंबर (आरएनएस)। बुधवार को कड़ाके की ठंड और शीत लहर के चलते धनौरी क्षेत्र में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा। अत्यधिक ठंड के कारण लोग दिनभर अपने घरों में दुबके रहे, जिससे सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखाई दिया। ठंडी हवाओं के चलते आमजन के साथ व्यापारी वर्ग भी परेशान नजर आए। दिनभर चली सर्द हवा के कारण बाजारों में रौनक गायब रही। ठंड के चलते दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही न के बराबर रही, जिससे व्यापार पर प्रतिकूल असर पड़ा। शाम होते-होते तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे लुढ़क गया। धनौरी क्षेत्र में ठंड से बचाव के लिए ग्राम पंचायत की ओर से अलाव जलाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई। कड़ाके की ठंड का असर यात्रियों पर भी पड़ा और ठंडी हवाओं के कारण क्षेत्र की सड़कें सुनसान पड़ी रहीं। ग्रामीण संदीप, सेवाराम भारती, हनीफ सलमानी, निसार, सलमान, योगेश और टिंकू ने मुख्य चौराहों पर अलाव जलाने की मांग की है। तेलीवाला के ग्राम प्रधान अलीनवाज का कहना है कि पंचायत स्तर पर फिलहाल अलाव जलाने के लिए कोई बजट उपलब्ध नहीं है। वह अपने निजी खर्च से अलाव जलाने की व्यवस्था कर रहे हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

