अल्मोड़ा 24 दिसंबर (आरएनएस)। आगामी क्रिसमस और नववर्ष के मद्देनजऱ सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए मंगलवार को सल्ट थाना क्षेत्र के मर्चुला में होटल, होम-स्टे और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में शांति व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा के निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह और क्षेत्राधिकारी रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह ने यह बैठक ली। बैठक में उपस्थित होटल प्रबंधकों और व्यवसायियों को आगामी पर्यटन सीजन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। थानाध्यक्ष ने बाहरी व्यक्तियों के अनिवार्य सत्यापन, आगंतुक रजिस्टर को नियमित रूप से अद्यतन रखने और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या हुड़दंग की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि निर्धारित समय सीमा के बाद तेज आवाज में संगीत न बजाया जाए और अग्नि सुरक्षा से जुड़े सभी उपकरण क्रियाशील अवस्था में रखे जाएं। बैठक में सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखने और कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत पुलिस को देने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

