रुद्रपुर 24 दिसंबर (आरएनएस)। ग्राम बैकुण्ठपुर में बुधवार को आयोजित बहुद्देशीय शिविर में 597 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिला। शिविर के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल ने कहा कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने और पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर में 23 विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों व कर्मचारियों ने मौके पर ही आवेदन लेकर पंजीकरण किया और कई पात्र लाभार्थियों को तत्काल लाभान्वित किया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 437 लोगों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं वितरित की गईं। समाज कल्याण विभाग ने विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत 70 लाभार्थियों, विधवा पेंशन में 18 को लाभ दिया। गन्ना विभाग के 15, आयुर्वेद एवं यूनानी के 46, आधार अपडेट व नए कार्ड 49, यूसीसी में 12 पंजीकरण, 17 आयुष्मान कार्ड, 4 परिवार रजिस्टर नकल, जन्म-मृत्यु पंजीकरण/परिवार रजिस्टर प्रमाण पत्र 14 और 6 दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी किए गए। श्रम विभाग ने 13 श्रम कार्ड बनाए। जननी सुरक्षा योजना में 31, कन्या विवाह सहायता में 3 और मुख्यमंत्री रोजगार योजना में 3 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मुकेश सनवाल, गोविंद तालुकदार, तहसीलदार हिमांशु जोशी, नोडल अधिकारी/समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध, खंड विकास अधिकारी सीआर आर्या, सेवायोजन अधिकारी राजेश दुर्गापाल तथा ईडीएम जादवेद पांडे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

