रुद्रपुर 24 दिसंबर (आरएनएस)। विधायक तिलकराज बेहड़ ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में सरकार की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाते हुए मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। बुधवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि अंकिता पहाड़ की बेटी थी और उसे न्याय दिलाना पूरे प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा व सम्मान से जुड़ा मुद्दा है। आरोप लगाया कि प्रारंभिक स्तर पर साक्ष्य नष्ट किए गए और रिजॉर्ट को बुलडोजर से ध्वस्त कर जांच को सीमित दायरे में रखा गया, जिससे सरकार की नीयत पर संदेह पैदा होता है। उन्होंने कहा कि उर्मिला सनावर द्वारा सोशल मीडिया पर जारी वीडियो व बयानों से मामला और गंभीर हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार और जांच एजेंसियों के पास छिपाने को कुछ नहीं है तो सीबीआई जांच से डरने की कोई वजह नहीं होनी चाहिए। एसआईटी जांच से केवल कुछ आरोपियों को सजा दिलाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि इस अपराध में शामिल सभी प्रभावशाली लोगों की भूमिका सामने आनी चाहिए। विधायक बेहड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष सीबीआई जांच कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सरकार ने ठोस निर्णय नहीं लिया तो कांग्रेस पार्टी प्रदेशभर में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

