देहरादून 24 दिसंबर (आरएनएस)। मसूरी में विंटर लाइन कार्निवाल का शुभारंभ सांस्कृतिक यात्रा के साथ हो गया। सर्वे के मैदान से निकाली गई शोभा यात्रा के दौरान हेलीकाप्टर से पुष्प वर्षा की गई। शोभायात्रा लंढौर बाजार, घंटाघर, कुलड़ी मालरोड होते हुए गांधी चौक पर संपन्न हुई। बुधवार को सांस्कृतिक यात्रा के साथ ही विंटर लाइन कार्निवाल का शुभारंभ हो गया। सांस्कृतिक यात्रा का शुभारभ एसडीएम राहुल आनंद व पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने किया। इस मौके पर गढ़वाल सभा मसूरी, झूमिलो ग्रुप सहित विभिन्न सांस्कृतिक दलों के प्रतिभागी व स्कूलों के छात्र छात्राएं सांस्कृतिक यात्रा में शामिल थे। सांस्कृतिक दल ढोल दमाऊं की थाप पर रास्ते भर नृत्य करते चल रहे थे। गांधी चौक पर आईटीबीपी बैंड व सीआरपीएफ बैंड की प्रस्तुति ने समां बांधा। कार्यक्रम स्थल पर मांगल गीत का आयोजन किया गया। स्वजन शिक्षा समिति के तत्वाधान में लोकनृत्य की प्रस्तुति दी गई। गांधी चौक पहुंचने पर काबीना मंत्री गणेश जोशी ने विंटर लाइन कार्निवाल का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में आयी आपदा के बाद मसूरी का व्यवसाय समाप्त हो गया था जिसे पुनर्जीवित करने के लिए विटर लाइन कार्निवाल का आयोजन किया। इसके बाद से मसूरी की अर्थव्यवस्था पटरी पर आयी। कहा कि इसके साथ ही हम रजत जयंती मना रहे हैं अगर राज्य न बनता तो न कार्निवाल होता। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के गांधी इंद्रमणि बडोनी को कार्निवाल का पहला दिन समर्पित किया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई के नाम कार्निवाल का दूसरा दिन समर्पित होगा। कानिर्वाल अपनी संस्कृति के प्रचार प्रसार का बड़ा माध्यम है जहां से पर्यटन बढ़ता है व देश विदेश के लोग आते हैं व यहां की संस्कृति को जानते हैं। इस बार उत्तराखंड की संस्कृति, खानपान, वेशभूषा को प्रमुखता दी गयी है। एसडीएम राहुल आनंद ने कहा कि रंगारंग कार्यक्रम शुरू हो गये व भव्य तरीके से छह दिनों तक कार्निवल मनाया जाएगा। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, पूर्व पालिकाध्यक्ष ओपी उनियाल, सतीश ढौंडियाल, अनीता सक्सेना, सभासद रणवीर कंडारी, गौरी थपलियाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष मोहन पेटवाल, अरविंद सेमवाल, गुड मोहन राणा, जगजीत कुकरेजा, संदीप साहनी, अजय अग्रवाल, राजेंद्र रावत आदि मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

