ऋषिकेश(आरएनएस)। नववर्ष के स्वागत को लेकर योगनगरी ऋषिकेश पूरी तरह से सज-धजकर तैयार है। गंगा घाटों से लेकर होटल, रिजॉर्ट और रिवर साइड कैंपों में रौनक बढ़ गई है। देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटकों ने ऋषिकेश का रुख कर रहे हैं, जिससे यहां पर्यटन गतिविधियां नववर्ष आते-आते चरम पर पहुंचने की संभावना है। न्यू ईयर से पहले ही अधिकांश होटल, रिजॉर्ट और कैंपों में 70 फीसदी एडवांस बुकिंग हो चुकी है, जिससे पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के चेहरे पर मुस्कान दिख रही है। पर्यटन कारोबारियों के अनुसार इस बार नव वर्ष को लेकर पर्यटकों में खासा उत्साह है। दिल्ली, एनसीआर, उत्तर प्रदेश और हरियाणा समेत अन्य राज्यों से पर्यटकों के भारी तादाद में ऋषिकेश, मुनिकीरेती, स्वर्गाश्रम, तपोवन, शिवपुरी और यमकेश्वर में जुटने की संभावना है। होटल और रिजॉर्ट संचालकों ने नव वर्ष को यादगार बनाने के लिए विशेष पैकेज तैयार किए हैं। इनमें लाइव म्यूजिक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बोनफायर, डीजे नाइट, योग सत्र, गंगा आरती और विशेष भोजन की व्यवस्था है। कई स्थानों पर पर्यटकों के लिए एडवेंचर एक्टिविटीज भी आकर्षण का केंद्र बनी हैं। कैंप वैभव थपलियाल ने बताया कि प्रकृति के बीच नव वर्ष मनाने की चाह में युवा वर्ग खासतौर पर कैंपिंग को प्राथमिकता दे रहा है। इस वर्ष पर्यटन में जबरदस्त उछाल से न सिर्फ होटल और कैंप व्यवसाय को लाभ की संभावना है, बल्कि टैक्सी, रेस्टोरेंट, लोकल गाइड और अन्य सहायक व्यवसायों को भी अच्छा फायदा होने की पूरी गुंजाइश है। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम प्रशासन और पुलिस विभाग ने भी नव वर्ष के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की हैं। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है, जिससे कि पर्यटक सुरक्षित व शांतिपूर्ण ढंग से नववर्ष का आनंद उठा सकें। पयर्टकों की भीड़ जुटने की संभावना के तहत ऋषिकेश व मुनिकीरेती क्षेत्र में पुलिस ने ट्रैफिक प्लान भी बनाया है, जोकि 31 दिसंबर को ही लागू कर दिया जाएगा। हुड़दंगियों पर रहेगी सख्ती नववर्ष के जश्न में हुड़दंग मचाने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। 31 दिसंबर से नगर व आसपास के इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान ऋषिकेश, मुनिकीरेती और लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र में पुलिस नाकों पर तैनात रहेगी। यहां एल्कोमीटर के साथ पुलिसकर्मी चेकिंग अभियान चलाएंगे। नशे में वाहन दौड़ाते मिलने पर न सिर्फ चालान, बल्कि वाहन भी सीज किया जाएगा। हड़दंग करने पर शांतिभंग में कार्रवाई होगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

