ऋषिकेश 24 दिसंबर (आरएनएस)। बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड के मामले में कथित वीडियो वायरल होने से एक बार फिर से मामले ने तूल पकड़ लिया है। बुधवार को आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वायरल वीडियो में भाजपा नेता का नाम सामने आने पर कार्रवाई की मांग को लेकर ऋषिकेश में प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी का नाम सार्वजनिक कर कठोर कार्यवाही करने की मांग की। ऋषिकेश में रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन के समक्ष कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला ने आरोप लगाते हुए कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी के रूप में भाजपा के बड़े नेता का नाम उजागर होने के बाद भी भाजपा सरकार चुप्पी साधे बैठी है, जिससे इस प्रकरण में कहीं ना कहीं भाजपा सरकार की मिलीभगत की संभावना है। जिससे प्रदेश भर में आक्रोश का माहौल है। सरकार के अंदर नेता इसमें सम्मिलित नहीं है, तो सरकार झूठे बयान देने वाले पर कार्यवाही करे, नहीं तो जिनके खिलाफ बयान आया है उनको भी दोषी बनाकर कार्रवाई की जाए। कांग्रेस नेत्री मधु जोशी ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड कोई सामान्य अपराध नहीं, बल्कि सत्ता के संरक्षण में हुआ एक जघन्य अपराध है, जिसमें प्रभावशाली लोगों को बचाने का प्रयास किया गया। भाजपा सरकार शुरू से ही इस मामले में सच को दबाने और दोषियों को संरक्षण देने का कार्य कर रही है, जिसको कांग्रेस पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी। पूर्व महानगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत और पार्षद सरोजनी थपलियाल ने कहा कि यह लड़ाई केवल अंकिता के लिए नहीं, बल्कि प्रदेश की हर बेटी के सम्मान और सुरक्षा की है। यदि दोषियों को सख्त से सख्त सजा नहीं दी गई, तो यह सरकार बेटियों की सुरक्षा में पूरी तरह विफल मानी जाएगी। भाजपा सरकार लगातार इस मामले को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि इस हत्याकांड में शामिल सभी बड़े भाजपा नेताओं की भूमिका की निष्पक्ष जांच हो और उन्हें कठोर सजा दी जाए। प्रदर्शन करने वालों में प्रदेश सचिव मदनमोहन शर्मा, बैसाख सिंह पयाल, ब्लॉक अध्यक्ष श्यामपुर विजयपाल रावत, ललित मोहन मिश्र, प्यारेलाल जुगरान, मनोज गुसाईं, पार्षद भगवान सिंह पंवार, ऋषि सिंघल, मनीष जाटव, कमलेश शर्मा, मधु जोशी, सुमित चौहान, सुभाष जखमोला, अशोक शर्मा, गौरव यादव, सौरभ वर्मा, भूपेंद्र राणा, बप्पी अधिकारी, राजेश शाह, विशाल स्नेह, विजय कुमार, सरदार अमृत सिंह, आदित्य झा, संजय शर्मा आदि उपस्थित रहे। अंकिता हत्याकांड की सीबीआई जांच हो ऋषिकेश। उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा द्वारा तहसील में एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा गया। मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुधीर राय रावत ने कहा कि यदि सरकार सच में न्याय के पक्ष में है, तो अंकिता हत्याकांड में सीबीआई जांच से क्यों डर रही है। अंकिता को न्याय दिलाने के लिए उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा हर लोकतांत्रिक संघर्ष के लिए प्रतिबद्ध है। अंकिता भंडारी हत्याकांड की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच सुनिश्चित करने के लिए सीबीआई जांच की जाए। जिलाध्यक्ष शीशपाल पोखरियाल ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाना केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की संवेदनाओं का प्रश्न है। जब तक सीबीआई जैसी स्वतंत्र एजेंसी से जांच नहीं होती, तब तक जनता का भरोसा बहाल नहीं होगा। चेताया कि यदि शीघ्र ही सीबीआई जांच की घोषणा नहीं की गई, तो प्रदेशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा। मौके पर महानगर अध्यक्ष नरेन्द्र नेगी, प्रदेश प्रभारी दिनेश चंद मास्टर, महिला मोर्चा की प्रभारी कुसुम जोशी, जिला महामंत्री संगठन गौतम राणा, मनीष डिमरी, राजेश गोयल, मोनू पाल, शैलेंद्र मिश्रा, संजय कुमार बुडाकोटी, राहुल रावत, कुलदीप चौहान, दीपक क्षेत्री, बबलू भगत आदि उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

