ऋषिकेश 24 दिसंबर (आरएनएस)। लच्छीवाला रेंज द्वारा मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने और सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने के लिए प्रोजेक्ट सह-जीवन के तहत कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। परियोजना का उद्देश्य मानव और वन्यजीवों के बीच बढ़ते टकराव को रोककर सुरक्षित और संतुलित पर्यावरण तैयार करना है। वन क्षेत्राधिकारी मेधावी कीर्ति ने बताया कि निवारक उपायों के अंतर्गत रेंज स्तर पर नियमित स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं तथा वन क्षेत्र में कचरा केवल निर्धारित स्थानों पर डालने की अपील की जा रही है। लच्छीवाला नेचर पार्क में आने वाले पर्यटकों से कचरा वापस ले जाने और वन्यजीवों को भोजन न कराने का अनुरोध किया गया है। परियोजना के तहत रात्रिकाल में तेज आवाज, अत्यधिक रोशनी और तेज गति से वाहनों के प्रयोग से बचने तथा वन विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही स्थानीय लोगों, पर्यटकों, स्कूली बच्चों और युवाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन सर्विलांस और तकनीकी निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। किसी भी मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए प्रशिक्षित दल तैनात हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

