0 प्रधानमंत्री बाल पुरस्कार समारोह का हुआ लाईव प्रसारण
0 वीर साहिबजादों के बलिदान को किया गया याद
कोण्डागांव, 26 दिसंबर (आरएनएस)। भारत सरकार, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के निर्देशानुसार 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस का आयोजन पूरे राज्य भर में किया गया। इस दिन दसवें सिख गुरु गुरु गोविन्द सिंह जी के वीर पुत्रों साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह एवं बाबा फतेह सिंह के अद्वितीय बलिदान की स्मृति में वीर बाल दिवस को राष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाया जाता है। वीर बाल दिवस 2025 का राष्ट्रीय स्तर का मुख्य कार्यक्रम 26 दिसंबर को भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बच्चों और युवाओं को संबोधित करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका और योगदान को रेखांकित किया।
इसी क्रम में जिला कार्यालय में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नई दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रपति दौपदी मुर्मू द्वारा कोण्डागांव जिले की बालिका योगिता मंडावी को खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया, जिसका लाईव प्रसारण जिला स्तरीय कार्यक्रम में किया गया। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित उक्त कायक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने वीर बाल दिवस के इतिहास को याद किया और कहा कि हम सभी को इस घटना से प्रेरणा लेकर मातृभूमि के लिए रक्षा के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने बच्चों से कहा कि कठिन समय में पूरे धैर्य रखें और अपने गुरूजनों और माता-पिता के बताए रास्ते पर चलें। नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतू उसेण्डी ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि गुरू गोविन्द सिंह के वीर पुत्रों के अतुलनीय बलिदान को याद किया। साथ ही गुरप्रीत सिंह खालसा ज्ञानी जी गुरु ने दसवें सिख गुरु गुरु गोविन्द सिंह जी के वीर पुत्रों साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह एवं बाबा फतेह सिंह के बलिदान के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम के अंत में जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान ने आभार व्यक्त किया। इससे पहले जिला बाल संरक्षण अधिकारी नरेंद्र सोनी ने स्वागत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस दौरान जिले के बाल देखरेख संस्थाओं, जिला बाल संरक्षण इकाइयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में वीर बाल दिवस के अवसर पर विविध गतिविधियां आयोजित की गई।
इस अवसर पर कुलवंत चहल, जितेन्द्र सुराना, ईना श्रीवास्तव, पार्षदगण लक्ष्मी ध्रुव, सोनामनी पोयाम, सुषमा खोब्रागडे, डिप्टी कलेक्टर किशोर शर्मा, त्रिलोक सार्वा अध्यक्ष बाल कल्याण समिति सहित संजय पोटावी परियोजना अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी कर्मचारी, स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

