हल्द्वानी,26 दिसंबर (आरएनएस)। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शुक्रवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में जिला कौशल एवं अप्रेंटिसशिप समिति की बैठक ली। जिला सेवायोजन एवं कौशल विकास अधिकारी प्रियंका गडिय़ा को निर्देश दिए कि कौशल विकास में आधुनिक विषयों को प्राथमिकता दी जाए। क्षेत्र कि नदियों में खनन के लिए सुपरवाइजर व माइनिंग मेट का प्रशिक्षण दिया जाए। डीएम रयाल ने कहा, कौशल विकास में जो कोर्स आउटडेटेड और जो अप्रचलित हैं उन्हें हटाकर बाजार की मांग के अनुरूप कोर्स प्रारम्भ किए जाएं। कोर्स के दौरान केवल किताबी ज्ञान देने के बजाय व्यवहारिक ज्ञान देना जरूरी है ताकि असल जिन्दगी की समस्याओं को हल करने का अनुभव भी मिले। डीएम ने बताया जिले में गौला, नंधौर, कोसी आदि नदियों में माइनिंग के कार्य बहुतायत में होते हैं। इसके लिए कुशल लोग नहीं मिल पाते हैं। इसलिए सुपरवाइजर, माइनिंग मेट आदि का प्रशिक्षण भी युवाओं को दिलाया जाए। बैठक में अध्यक्ष हिमालयन चैम्बर्स ऑफ कामर्स रमेश चन्द्र बिंजौला, सचिव मनोज डांगा, संयुक्त निदेशक प्रशिक्षण मयंक अग्रवाल, डेयरी के एएल श्रीवास्तव, श्रम एवं प्रवर्तन अधिकारी दिनेश कटियार मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

