रायपुर, 27 दिसंबर (आरएनएस)। रायपुर में चोरी के जेवरात को बिना वैध दस्तावेज के गिरवी रखकर रकम दिलाने के मामले में राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने बजाज फाइनेंस की एक महिला कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, झंडा चौक निवासी सनोहर जहां पर आरोप है कि उसने चोरी के सोने-चांदी के जेवर बिना आवश्यक दस्तावेजों के फायनेंस कंपनी में गिरवी स्वीकार किए। यह मामला उस समय सामने आया जब दो माह पहले पुरैना, परशुराम नगर निवासी सुशीला जाल के सूने मकान में चोरी हुई थी।

पीडि़ता सुशीला जाल ने 25 अक्टूबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि तबीयत खराब होने के कारण वे 4 अक्टूबर को ओडिशा स्थित अपने गांव गई थीं। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और नकदी के साथ सोने-चांदी के जेवर गायब हैं।
जांच के दौरान पुलिस ने चोरी के आरोप में आशीष नेताम और उसके एक नाबालिग साथी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने चोरी किए गए जेवर तेलीबांधा स्थित बजाज फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखे थे। आरोपियों के पास से मिली गिरवी स्लिप के आधार पर पुलिस ने संबंधित महिला कर्मचारी सनोहर जहां को गिरफ्तार किया।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस पूरे घटनाक्रम में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
०००

