सब-इंस्पेक्टर पर हत्या का आरोप, एफआईआर दर्ज
ओबैदुल्ला लस्कर
कोलकाता 28 दिसंबर (आरएनएस)। दक्षिण 24 परगना प्रशासनिक जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों के बीच तब हड़कंप मच गया जब कैनिंग थाना परिसर के पुलिस क्वार्टर से एक महिला होम गार्ड गुलजान परवीन मोल्ला उर्फ रेशमी (22) का शव बरामद हुआ। पुलिस व स्थानीय सूत्रों ने बताया कि महिला होम गार्ड गुलजान परवीन मोल्ला उर्फ रेशमी रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाई गई। मृत होम गार्ड के परिवार ने कैनिंग थाने के एक सब-इंस्पेक्टर सायन भट्टाचार्य पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। महिला होम गार्ड का शव जिले के कैनिंग पुलिस थाने के रिहायशी क्वार्टर के एक कमरे में लटका हुआ मिला। इस घटना के बाद, मृतक के परिवार ने कैनिंग पुलिस स्टेशन के एक सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ हत्या की शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, गुलजान परवीन मोल्ला जीवनतला थाना अंतर्गत के उत्तर मौखाली इलाके की रहने वाली थीं और कैनिंग थाने में होम गार्ड के तौर पर कार्यरत थीं। वह शुक्रवार को ड्यूटी के बाद कैनिंग पुलिस थाने के पीछे वाले क्वार्टर में चली गई थीं। उनको बार-बार कॉल करने के बाद भी किसी ने फोन नहीं उठाया। शनिवार को भी पूरे दिन उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। इसके बाद परिवार के लोग परेशान होकर कैनिंग थाने पहुंचे। बहन रुखसाना खातून सीधे क्वार्टर में गईं। जैसे ही दरवाजा खोला गया, रेशमी की बॉडी गले में घूंघट डाले छत से लटकी हुई दिखी। सूचना मिलने पर कैनिंग थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की व्यवस्था की। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के परिजनों ने बताया कि गुलजान के पिता रशीद मोल्ला की दो साल पहले पंचायत चुनाव के दौरान भांगड़ में हत्या कर दी गई थी। इसके बाद परिवार की बड़ी बेटी गुलजान को होम गार्ड की नौकरी मिली थी। बेटी की इस तरह मौत से परिवार में मातम छाया हुआ है। गुलजान के परिजनों ने कैनिंग थाने के सब-इंस्पेक्टर सायन भट्टाचार्य के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। परिवार का आरोप है कि गुलज़ान और सायन भट्टाचार्य के बीच विवाहेतर संबंध थे और इस बात के सामने आने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर निष्पक्ष जांच की जा रही है। फिलहाल, घटना को लेकर इलाके में तनाव बना हुआ है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। बरुईपुर पुलिस जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पहली नजऱ में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। हालांकि, परिवार ने एक पुलिस अधिकारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। मामले की जांच की जा रही है।” फिलहाल मामले पर कुछ ज्यादा नहीं कहा जा सकता है कि कारण मामला काफी गंभीर है। बहरहाल बता दे कि, गुलजान परवीन मोल्ला उर्फ रेशमी के पिता राशिद मोल्लाकी मौत दो साल पहले साल पहले पंचायत चुनाव के दौरान हत्या हो गई थी। उसके बाद, परिवार की सबसे बड़ी बेटी गुलजान को होम गार्ड की नौकरी दे दी गई थी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी


















