नई दिल्ली 30 Dec, : मारुति सुजुकी की गाड़ियां भारतीय बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं। हाल ही में कंपनी ने अपनी कुछ गाड़ियों की सेफ्टी रेटिंग में सुधार किया है और उन्हें 5-स्टार रेटिंग भी मिली है, लेकिन कंपनी की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार ‘वैगनआर’ (WagonR) सुरक्षा के मामले में आज भी सवालों के घेरे में है। हैरान करने वाली बात यह है कि सेफ्टी रेटिंग खराब होने के बावजूद इस ‘टॉल बॉय’ हैचबैक की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। लोग माइलेज और कम कीमत के चलते इसकी सुरक्षा खामियों को नजरअंदाज कर रहे हैं।
नवंबर में बिकीं 14 हजार से ज्यादा गाड़ियां
रशलेन (Rushlane) के आंकड़ों के मुताबिक, नवंबर 2025 में वैगनआर की बिक्री में जबरदस्त उछाल आया है। इस महीने वैगनआर की कुल 14,619 यूनिट्स बिकीं, जबकि पिछले साल इसी महीने यानी नवंबर 2024 में यह आंकड़ा 13,982 यूनिट्स था। सालाना आधार पर इस गाड़ी ने 4.56 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की है। बिक्री के ये आंकड़े बताते हैं कि भारतीय मध्यमवर्गीय परिवारों में इस कार की लोकप्रियता अभी भी बरकरार है।
सेफ्टी रेटिंग: एडल्ट में 1 और चाइल्ड में 0 स्टार
भले ही यह कार बिक्री के नए रिकॉर्ड बना रही हो, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से यह काफी पीछे छूट गई है। फिलहाल भारत एनकैप (BNCAP) में इस गाड़ी की टेस्टिंग नहीं हुई है, लेकिन साल 2023 में हुए ग्लोबल एनकैप (GNCAP) क्रैश टेस्ट में वैगनआर का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था। उस टेस्ट में इस कार को एडल्ट सेफ्टी में सिर्फ 1 स्टार और चाइल्ड सेफ्टी में 0 (शून्य) स्टार रेटिंग मिली थी, जो किसी भी पारिवारिक कार के लिए चिंता का विषय है।
कीमत और मुकाबला
मारुति सुजुकी वैगनआर की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 4 लाख 98 हजार 900 रुपए है, जो टॉप मॉडल के लिए 6 लाख 94 हजार 900 रुपए तक जाती है। भारतीय बाजार में इसका सीधा मुकाबला टाटा टियागो और हुंडई ग्रैंड आई10 निओस जैसी गाड़ियों से है। जहां टाटा मोटर्स की टियागो की कीमत 4 लाख 57 हजार 490 रुपए से शुरू होती है और वह सेफ्टी के लिए जानी जाती है, वहीं हुंडई की ग्रैंड आई10 निओस की कीमत 5 लाख 47 हजार 278 रुपए से शुरू होती है। बाजार के जानकारों का कहना है कि जहां टाटा जैसी कंपनियां अब छोटी गाड़ियों में भी सेफ्टी पर जोर दे रही हैं, वहीं मारुति की इस बेस्ट सेलिंग कार का सेफ्टी में पिछड़ना ग्राहकों के लिए जोखिम भरा हो सकताहै।

