रायपुर, 30 दिसंबर (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने राजधानी रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में स्मृति मंदिर पहुंचकर भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी को पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने भाजपा के पितृ पुरुष कुशाभाऊ ठाकरे, जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं राजमाता विजयाराजे सिंधिया को भी श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया।
पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद अरुण सिंह ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी का संपूर्ण जीवन सुशासन, राष्ट्र निर्माण और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व, कृतित्व और नेतृत्व आज भी देश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरणा का स्रोत है। वे न केवल एक दूरदर्शी राजनेता थे, बल्कि प्रखर वक्ता और ओजस्वी कवि के रूप में भी भारतीय राजनीति में अपनी विशिष्ट पहचान रखते हैं।
इसके पश्चात भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन और कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी के माध्यम से अटल जी के राजनीतिक सफर, विचारधारा और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को दर्शाया गया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, डॉ. नवीन मार्कंडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, रायपुर ग्रामीण जिला प्रभारी सुरेंद्र पाटनी, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
0

