0 जांच में जुटी पुलिस
जगदलपुर, 30 दिसंबर (आरएनएस)। बस्तर जिले से एक सनसनीखेज और गंभीर मामला सामने आया है। बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल की पत्नी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। हमले में उनके दोनों हाथों की नसें कट गई हैं, वहीं गले पर भी गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं।
घटना के बाद आज सुबह करीब 8 बजे उन्हें महारानी अस्पताल लाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने तत्काल आईसीयू में भर्ती किया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार घायल की स्थिति नाजुक बनी हुई है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने के बाद वह बोलने की स्थिति में नहीं थीं। नर्सिंग स्टाफ द्वारा कागज पर घटना के बारे में लिखने को कहने पर उन्होंने केवल एक शब्द लिखा — भतीजा। इस एक शब्द ने मामले को और भी पेचीदा बना दिया है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह आत्मघाती प्रयास था या किसी साजिश के तहत हमला किया गया है। पुलिस पारिवारिक विवाद, आपसी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और हर एंगल से मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

