कवर्धा, 30 दिसंबर (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ कर्मचारी फेडरेशन के आव्हान पर प्रदेशभर के शासकीय कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल जारी है। फेडरेशन के बैनर तले कर्मचारी अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर 29 दिसंबर से 31 दिसंबर 2025 तक हड़ताल पर हैं। हड़ताल के चलते कई शासकीय कार्यालयों में कामकाज प्रभावित हुआ है।
कर्मचारियों ने बताया कि लंबे समय से लंबित मांगों पर सरकार द्वारा ठोस निर्णय नहीं लिए जाने के कारण यह आंदोलनात्मक कदम उठाना पड़ा है। फेडरेशन का कहना है कि कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर पूर्व में कई बार ज्ञापन और वार्ता की गई, लेकिन संतोषजनक परिणाम नहीं निकले।
हड़ताल के दौरान प्रदेश की राजधानी रायपुर सहित सभी जिलों में धरना-प्रदर्शन और सभाएं आयोजित की जा रही हैं। कर्मचारियों ने एकजुटता दिखाते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इसी को लेकर कवर्धा के राजमहल चौक हड़ताल स्थल पर जिले के सभी प्रमुख कार्यालयों के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठकर सरकार से अपनी मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने को लेकर गुहार लगा रहे है। संगठन के पदाधिकारीयों ने बताया कि यह हड़ताल पूरी तरह से प्रदेश भर के कर्मचारी शामिल है, हमारे जिले के लगभग 2000 कर्मचारी शामिल है। हालंकि आपातकालीन सेवाएं सुचारू रूप से चालू है।किंतु राजस्व विभाग, पंचायत,शिक्षा एवं अन्य विभागों में अपने कार्यों के लिए पहुंचने वाले आवेदन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि तय अवधि में मांगों पर सहमति नहीं बनती है, तो आगे अनिश्चित कालीन आंदोलन किया जाएगा जिसे और तेज किया जा सकता है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

