लखनऊ 31 दिसंबर (आरएनएस )। प्रखर समाजवादी नेता राजनारायण की पुण्यतिथि पर मंगलवार को राजधानी लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय सहित प्रदेश के सभी जनपदों में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर समाजवादी आंदोलन में उनके योगदान, लोकतंत्र की रक्षा के लिए किए गए संघर्ष और सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को स्मरण किया गया।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी ने माल्यार्पण कर राजनारायण को नमन किया। नेता विरोधी दल माता प्रसाद पाण्डेय, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल और सांसद नरेश उत्तम पटेल ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।अखिलेश यादव ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि राजनारायण ने न केवल सामाजिक जीवन में बल्कि संसदीय व्यवस्था में भी जड़ हो चुकी परम्पराओं को तोडऩे का साहसिक कार्य किया। स्वतंत्रता आंदोलन के बाद आपातकाल के दौर में लोकतंत्र को बचाने के संघर्ष में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहते हुए राजनारायण ने चिकित्सा सेवाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का काम किया। अन्याय के खिलाफ संघर्ष करना उनके व्यक्तित्व का अभिन्न हिस्सा था।श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पूर्व सांसद अरविन्द कुमार सिंह, विधायक आनन्द यादव, पूर्व विधायक रामबृक्ष सिंह यादव, मोहम्मद अरशद और भगेलू राम सहित मणींद्र मिश्र, एसके राय, केके श्रीवास्तव, राधेश्याम सिंह, डॉ वंदना चतुर्वेदी, निसार अहमद, साधू यादव पहलवान, शैलेन्द्र यादव, विवेक यादव, सन्टी, अवधेश यादव, मधुर श्याम राय, अर्चना रावत, आशा यादव, मीना शंखवार, डीपी यादव, ऋषभ यादव, भूपेन्द्र सरकार, सलाहुद्दीन, आकाश यादव, शिवम यादव, नव्या यादव, हाजी फिरोज खान और गब्बर ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि राजनारायण का जीवन संघर्ष, साहस और जनपक्षधर राजनीति का प्रतीक रहा है। उनके विचार और संघर्ष आज भी समाजवादी आंदोलन को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

