कोलकाता 31 दिसंबर (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल में वर्ष 2025 के आखिरी दिन कड़ाके की ठण्ड के साथ ही महानगर का पारा 11 पर आ गया और आज इस साल अबतक का सबसे सर्द दिन रिकॉर्ड दर्ज हुआ। आज सुबह महानगर कोलकाता का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसने इस सीजन के पिछले सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। महानगर के साथ-साथ समूचा राज्य वर्तमान में हाड़ कंपाने वाली ठंड की चपेट में है। उत्तर से दक्षिण बंगाल तक शीत लहर का प्रभाव देखा जा रहा है। संदकफू में तापमान शून्य से नीचे (-) पांच डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जबकि दार्जिलिंग तीन डिग्री सेल्सियस पर कांप रहा है। दक्षिण बंगाल के पुरुलिया और बांकुड़ा जिलों में भी पारा सात से आठ डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। सोमवार और मंगलवार को कोलकाता का अधिकतम तापमान भी सामान्य से क्रमश: 7.5 और 6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जिससे दिन में भी कनकनी महसूस की गई। मौसम विभाग ने आज शाम के पश्चात राज्य के कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी (येलो अलर्ट) जारी की है। इसमें दाजिर्लिंग, कूचबिहार, माल्दा सहित दक्षिण के पूर्व मेदिनीपुर और दक्षिण 24 परगना जैसे जिले सम्मिलित हैं। साथ ही, शीतल पूर्वी हवाओं के प्रभाव से अलीपुरद्वार में आगामी 24 से 48 घंटों के भीतर हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण नए साल की शुरुआत में तापमान में आंशिक वृद्धि हो सकती है। हालांकि, राहत अल्पकालिक होगी। पांच से 12 जनवरी के मध्य राज्य में एक बार फिर कड़ाके की ठंड की वापसी होगी, जिससे कई जिलों में शीत लहर चलने की प्रबल संभावना है।


















