अंबिकापुर 31 दिसंबर (आरएनएस)। नए साल से पहले आबकारी उडऩदस्ता टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। टीम ने हरियाणा राज्य की 300 पेटी अंग्रेजी शराब पकड़ी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपए बताई जा रही है। इस कार्रवाई में आबकारी उडऩदस्ता टीम ने सौरभ सिंह नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आरोपी नए साल के मौके पर अंबिकापुर शहर में हरियाणा की अंग्रेजी शराब की सप्लाई करने की फिराक में था। आबकारी विभाग के अनुसार, आरोपी पूर्व में भी अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। पकड़ी गई शराब बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन की जा रही थी।
पूरा मामला अंबिकापुर शहर से लगे कांति प्रकाशपुर क्षेत्र का बताया जा रहा है। आबकारी विभाग द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और यह जांच की जा रही है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। नए साल को देखते हुए आबकारी विभाग द्वारा जिले में निगरानी और सख्ती और बढ़ा दी गई है।

