महंगाई-बेरोजगारी पर खामोशी, चुनावी राजनीति में व्यस्त केंद्र सरकार : आलोक दूबे
रांची 5 अप्रैल (आरएनएस)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने भाजपा नेताओं पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा है कि भारतीय जनता पार्टी यह स्पष्ट करे कि वह स्थापना दिवस मना रही है या जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए विरोध दिवस। उन्होंने कहा कि देश आज बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, गैस की कमी, पेट्रोल-डीजल के अभाव, बंद होते कल-कारखानों और चौपट होते उद्योग-धंधों जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन केंद्र सरकार पूरी तरह असंवेदनशील बनी हुई है।
दूबे ने कहा कि प्रधानमंत्री और पूरी केंद्रीय कैबिनेट देश की समस्याओं को नजरअंदाज कर पांच राज्यों के चुनाव में डूबी हुई है। वहीं, जो कुछ नेता बचे हैं, वे स्थापना दिवस के आयोजनों में व्यस्त हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि देश की जनता अब जानना चाहती है कि उसने एक जिम्मेदार प्रधानमंत्री चुना है या एक ऐसा बहुरूपिया, जो केवल चुनावी मंचों पर ही दिखाई देता है।
आलोक दूबे ने उद्योगों के लगातार बंद होने और युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी पर भी कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि यह देश के लिए एक गंभीर और विस्फोटक स्थिति बन चुकी है। छोटे और मध्यम उद्योगों पर बढ़ते वित्तीय दबाव के कारण फैक्ट्रियां एक-एक कर बंद हो रही हैं, जिससे लाखों युवा बेरोजगार होकर सड़कों पर आ गए हैं।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को नई नौकरियों के अवसर सृजित करने चाहिए थे, लेकिन इसके बजाय केवल घोषणाओं और योजनाओं का ढोल पीटा जा रहा है। हकीकत यह है कि इन योजनाओं का ज़मीनी असर कहीं दिखाई नहीं देता। दूबे ने चेतावनी देते हुए कहा कि बेरोजगारी केवल आर्थिक संकट नहीं है, बल्कि यह सामाजिक निराशा, अपराध और व्यापक असंतोष को भी जन्म दे रही है । उन्होंने अंत में कहा अगर केंद्र सरकार ने समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए तो देश की युवा शक्ति का आक्रोश एक बड़े जनांदोलन में बदल सकता है जिसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा सरकार की होगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

