New Delhi 09 Jully (Rns) /- राजधानी में दो जुलाई को मानसून की दस्तक के बाद से रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। बुधवार को सुबह से घने बादल छाए रहे और शहर के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। हालांकि इस सुकून के बीच कई इलाकों में जलभराव, लंबे ट्रैफिक जाम ने लोगों को परेशान किया।
ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों और यात्रियों को कई मार्गों पर घंटों जाम का सामना करना पड़ा। अन्य निचले इलाकों में जलभराव की समस्या देखने को मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम सापेक्ष आर्द्रता 100 प्रतिशत और न्यूनतम 60 प्रतिशत रही।
सफदरजंग मौसम केंद्र में सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटों में 24 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तथा अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश और आंधी दर्ज की गई

