भिलाईनगर,09 जुलाईं (आरएनएस)। भिलाई नगर निगम के आयुक्त राजीव कुमार पांडेय का तबादला कर उन्हें अपर संचालक, उच्च शिक्षा संचालनालय, नवा रायपुर अटल नगर पदस्थ किया गया है। राज्य सरकार के आदेश के तहत यह तबादला तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। उनकी जगह 2020 बैच की आईएएस अधिकारी और वर्तमान राजनांदगांव जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) सुरुचि सिंह को भिलाई नगर निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है।राजीव पांडेय और महापौर नीरज पाल के बीच पिछले काफी समय से विभिन्न प्रशासनिक मुद्दों को लेकर खींचतान चल रही थी। महापौर और कांग्रेस पार्षदों ने उन्हें हटाने की मांग को लेकर लगातार अभियान चलाया था। हालांकि इस संबंध में दायर याचिका हाईकोर्ट ने खारिज कर दी थी, लेकिन अब जारी तबादला आदेश को महापौर खेमे की बड़ी सफलता माना जा रहा है।भिलाई नगर निगम के इतिहास में यह नियुक्ति इसलिए भी खास है क्योंकि 8 जून 1996 को निगम के गठन के बाद पहली बार किसी महिला आईएएस अधिकारी को आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब तक निगम में 26 आयुक्त पदस्थ रह चुके हैं, जबकि सुरुचि सिंह 27वीं आयुक्त के रूप में पदभार संभालेंगी।नई आयुक्त के सामने निगम में वेतन संकट, अधूरी आवास योजनाओं को गति देना, राजस्व वसूली बढ़ाना और शहरी विकास कार्यों को गति देने जैसी कई महत्वपूर्ण चुनौतियां रहेंगी। उनकी नियुक्ति से निगम प्रशासन में नई कार्यशैली और बेहतर समन्वय की उम्मीद जताई जा रही है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

