मेरा युवा भारत जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित
9 जुलाई (आरएनएस ) प्रयागराज। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के निर्देशन व मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में गुरूवार को संगम सभागार में मेरा युवा भारत जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के युवाओं को अधिकाधिक संख्या में मेरा युवा भारत से जोडऩे, विभिन्न विभागों एवं शिक्षण संस्थानों के मध्य समन्वय स्थापित करने तथा युवाओं के लिए आधुनिक कौशल विकास कार्यक्रमों के संचालन पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद के प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थानों एवं संबंधित विभागों को मेरा युवा भारत पोर्टल पर अधिक से अधिक युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लक्ष्य प्रदान किए। उन्होंने एस.एस. खन्ना डिग्री कॉलेज, सी.एम.पी. डिग्री कॉलेज, कुलभास्कर आश्रम डिग्री कॉलेज, यूनाइटेड विश्वविद्यालय तथा जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का आह्वाहन किया।
बैठक में भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए युवाओं के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं रोबोटिक्स आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में परियोजना निदेशक, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण भूपेन्द्र कुमार सिंह, सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक अजय गिरी, राष्ट्रीय सेवा योजना, एस.एस. खन्ना डिग्री कॉलेज की कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रश्मि सिंह, हेमवती नन्दन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के डॉ. ऋषि प्रताप सिंह, जिला सेवायोजन अधिकारी चन्द्रकांत सिंह, राष्ट्रीय सेवा योजना, ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज के डॉ. अरविन्द कुमार मिश्रा, डॉ. स्वाति श्रीवास्तव (एस.पी.एम. कॉलेज), डॉ. रमेश सिंह (यूनाइटेड विश्वविद्यालय) सहित विभिन्न विभागों एवं शिक्षण संस्थानों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

