मेरठ 5 जनवरी (आरएनएस)। मेरठ के मुंडाली थाना क्षेत्र अंतर्गत अजराड़ा चौराहे के पास रविवार देर रात बदमाशों ने लू-बक्सर गांव निवासी रेलवे की-मैन विवेक चौहान (28) की सीने में चाकू गोदकर हत्या कर दी। वारदात के समय वह बाइक से अपने गांव से खरखौदा रेलवे स्टेशन पर नाइट ड्यूटी पर जा रहे थे। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच पड़ताल की। पुलिस हत्या के कारण और हत्यारोपियों का पता लगाने का प्रयास रही है।
मुंडाली थाना पुलिस के अनुसार, भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव लू-बक्सर निवासी महेंद्र सिंह चौहान का बेटा विवेक चौहान खरखौदा रेलवे स्टेशन पर की-मैन के पद पर कार्यरत थे। रविवार को उनकी ड्यूटी रात 11 बजे से सुबह सात बजे तक खरखौदा से चंदसारा स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक की देखरेख करने की थी। विवेक चौहान रविवार अपने घर से बाइक लेकर ड्यूटी के लिए जा रहे थे।
रात करीब आठ बजे जब वह मुंडाली थाना क्षेत्र में मुंडाली-खरखौदा मार्ग पर अजराड़ा चौराहे के पास पहुंचा तो तभी बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और सीने पर चाकू से प्रहार कर उन्हें लहूलुहान कर भाग गए। ग्रामीणों के अनुसार, बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक करके रोका और चाकू से प्रहार कर भाग गए। चीख पुकार की आवाज सुनकर कुछ ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। वहां सड़क के किनारे विवेक खून से लथपथ पड़ा था। ग्रामीणों ने मुंडाली पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल विवेक को एंबुलेंस से मेरठ मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। मगर रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मेरठ मेडिकल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके पास से मिले पहचान-पत्र के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान कर परिजनों को वारदात की सूचना दी। देर रात परिजन भी मौके पर और मेरठ मेडिकल पहुंच गए। आशंका जताई गई है कि वारदात मेें एक से अधिक आरोपी शामिल हैं।
खुलासे में जुटीं चार टीमें
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि वारदात के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीम लगाई गई हैं। पुलिस गहनता से जांच पड़ताल कर रही है। अभी किसी से रंजिश आदि की जानकारी नहीं मिली है लेकिन कुछ तथ्य मिले हैं। जिनके आधार आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
लूट या रंजिशन हत्या, जांच जारी
रेलवे कर्मचारी विवेक चौहान की हत्या का कारण देर रात तक स्पष्ट नहीं हो पाया। विवेक की बाइक घटनास्थल के पास ही मिली। पुलिस का कहना है कि उसके उसके पास रुपये आदि सामान भी मिला है। इससे रंजिश में लूट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इस आशंका से भी इन्कार नहीं किया जा सकता कि लूट में असफल होने पर वारदात की गई हो। पुलिस रास्ते में लगे सीसीटीवी फुटेज भी चेक कर रही है। पुलिस ने खरखौदा रेलवे स्टेशन जाकर उसके साथियों से भी पूछताछ की।
तीन भाइयों में सबसे छोटा था विवेक
लू-बक्सर गांव निवासी किसान महेंद्र सिंह चौहान के तीन बेटों और एक बेटी में विवेक चौहान सबसे छोटा था। बड़ी बहन गुंजन की शादी हो चुकी है। सबसे बड़ा भाई रोहित एचसीएल कंपनी में इंजीनियर है। मंझला भाई विकास मेरठ डिपो में रोडवेज परिचालक है। मां की दस साल पहले जेई-बक्सर मार्ग पर बाइक से गिरने के कारण मौत हो गई थी। चार साल पहले ही विवेक की शादी मानपुर गांव निवासी काव्या के साथ हुई थी। उनकी डेढ़ साल की एक बेटी है। खरखौदा रेलवे स्टेशन पर उनकी नौकरी दिसंबर 2024 को लगी थी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

