जौनपुर 5 जनवरी (आरएनएस )। सुरेरी थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। जामडीह गांव निवासी अमित उपाध्याय ने आरोप लगाया है कि राईपुर फिफियौना गांव निवासी प्रवीण दुबे पुत्र कमलाकांत दुबे ने उसे सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर 5 लाख 25 हजार रुपये ले लिए।पीडि़त के अनुसार आरोपीत ने प्रभाव और संपर्क का हवाला देते हुए जल्द नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया था। भरोसे में आकर अमित उपाध्याय ने समय-समय पर कुल 5.25 लाख रुपये आरोपीत को सौंप दिए। इसके बाद कई वर्षों तक पीडि़त नौकरी मिलने की आस में आरोपीत के चक्कर काटता रहा, लेकिन आठ वर्ष बीत जाने के बाद भी न तो नौकरी मिली और न ही रुपये वापस किए गए।आठ वर्ष बीत जाने के बाद जब पीडि़त ने अपनी जमा रकम वापस मांगी तो आरोपीत युवक ने टालमटोल शुरू कर दी और अंतत: पैसा देने से साफ इंकार करने लगा। ठगी का एहसास होने पर पीडि़त ने बीते शनिवार को सुरेरी थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। मामले की जांच के बाद पुलिस ने रविवार की रात आरोपीत के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। इस संदर्भ में प्रभारी निरीक्षक सुरेरी राजेश कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

