साधु-संत 5 दिनों में करेंगे प्रमुख तीर्थों के दर्शन
प्रयागराज 5 जनवरी (आरएनएस)। माघ मेला में तहत सोमवार से संतों की प्रयागराज पंचकोशी परिक्रमा का शुभारंभ हो गया। पंचकोशी परिक्रमा का आयोजन प्रयागराज मेला प्राधिकरण, पंचदशनाम जूना अखाड़ा और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। परिक्रमा की शुरुआत संगम स्नान के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में संत-महात्मा और श्रद्धालु शामिल हुए।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष और महामंडलेश्वर समेत सभी साधु-संत विंटेज कारों पर सवार होकर इस धार्मिक यात्रा में आगे बढ़ रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं में उत्साह और आस्था का माहौल निर्मित हो रहा है। परिक्रमा से पूर्व जूना अखाड़ा के महामंत्री हरी गिरि महाराज ने अन्य संतों के साथ मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, जिलाधिकारी मनीष वर्मा, एडिशनल पुलिस कमिश्नर अजयपाल शर्मा, मेला अधिकारी ऋषिराज और मेला पुलिस अधिकारी नीरज पांडेय से भेंट की। इस दौरान उन्होंने आयोजन की जानकारी दी और प्रशासनिक सहयोग के लिए आभार जताया।
पंचदिवसीय पंचकोशी परिक्रमा के दौरान संत और श्रद्धालु प्रयागराज के प्रमुख धार्मिक और पौराणिक स्थलों के दर्शन करेंगे। पहले दिन संगम स्नान के बाद अक्षयवट, लेटे हनुमान मंदिर, दत्तात्रेय मंदिर, सरस्वती कूप, रामघाट, मौजिगिरि समाधि, ललिता देवी, कल्याणी देवी और वनखंडी महादेव के दर्शन कराए गए।
दूसरे दिन अरैल क्षेत्र में शूलटंकेश्वर महादेव, आदि माधव, चक्र माधव, सोमेश्वर महादेव और गदा माधव के दर्शन होंगे। तीसरे दिन मनकामेश्वर महादेव, पद्म माधव, सुजावन देव, पराशर ऋषि आश्रम और वाल्मीकि आश्रम का भ्रमण कराया जाएगा।
चौथे दिन शंख माधव, दुर्वासा ऋषि आश्रम, संकट हरण हनुमान, पाण्डेश्वर महादेव, सीताकुंड, निषादराज स्थली और नागवासुकी के दर्शन होंगे। पंचकोशी परिक्रमा के अंतिम दिन संगम स्नान के बाद राम-जानकी मंदिर और कीडगंज में दर्शन के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

