प्रयागराज 5 जनवरी (आरएनएस)। अपर पुलिस महानिदेशक पीएसी डॉ. रामकृष्ण स्वर्णकार (आईपीएस) का चतुर्थ वाहिनी पीएसी, प्रयागराज में आगमन हुआ। उनके आगमन पर सेनानायक सर्वेश कुमार मिश्र (आईपीएस) व सेनानायक राजेश श्रीवास्तव (आईपीएस) द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत एवं सम्मानित किया गया।
तत्पश्चात एडीजी पीएसी द्वारा संगम क्षेत्र में बाढ़ राहत कार्यों में तैनात पीएसी बल की ड्यूटी का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाढ़ राहत दलों की तैनाती, राहत एवं बचाव कार्यों में प्रयुक्त उपकरणों, नावों की उपलब्धता, उनकी कार्यशील स्थिति तथा संचालन व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। साथ ही पीएसी द्वारा किए जा रहे राहत, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था संबंधी कार्यों की समुचित समीक्षा की गई। एडीजी पीएसी द्वारा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सतर्कता, तत्परता एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
इसके उपरांत आईसीसीसी, संगम सभागार में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयुक्त (प्रयागराज मंडल) श्रीमती सौम्या अग्रवाल, पुलिस आयुक्त जोगिंदर कुमार, कानपुर अनुभाग पीएसी डीआईजी अतुल शर्मा, माघमेला पीएसी नोडल अधिकारी सर्वेश कुमार मिश्रा व बैठक में माघ मेला क्षेत्र में ड्यूटीरत समस्त क्षेत्राधिकारी, यातायात पुलिस एवं जल पुलिस के अधिकारी तथा सभी वाहिनियों के दलनायक सहित माघ मेला से संबंधित समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। बैठक के दौरान माघ मेला, बाढ़ राहत, पीएसी ड्यूटी, कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधन से संबंधित दायित्वों के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई तथा सभी अधिकारियों/कर्मचारियों को आपसी समन्वय, अनुशासन एवं पूर्ण निष्ठा के साथ अपने-अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

