विशाल नेत्र शिविर में मरीजों का लिया कुशल क्षेम, चिकित्सकों का जताया आभार, दी बधाई
बाराबंकी 5 जनवरी (आरएनएस)। बंकी के हडिय़ाकोल स्थित श्रीराम वन कुटीर आश्रम में 46 वर्षों से लगातार नेत्र शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी शिविर में हजारों मरीजों को उपचार और ऑपरेशन का लाभ मिला। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप ने शिविर का दौरा कर मरीजों से मुलाकात की। इस शिविर में बाराबंकी के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी हजारों मरीजों ने पंजीकरण कराया। उन्हें यहां उपचार और ऑपरेशन की सुविधा मिली। जैदपुर कस्बे के एक मुस्लिम परिवार का मामला सामने आया, जिसे लखनऊ और दिल्ली के डॉक्टरों ने इलाज से मना कर दिया था। इस परिवार ने आश्रम में पंजीकरण कराया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद इलाज का आश्वासन दिया। शिविर में हरियाणा और पंजाब सहित कई राज्यों के प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेजों से आए विशेषज्ञ डॉक्टरों ने गरीब और असहाय मरीजों का नि:शुल्क इलाज किया। आश्रम के सेवादार मनीष मेहरोत्रा ने बताया कि इस वर्ष लगभग 3500 मरीजों की जांच का लक्ष्य रखा गया है। अब तक करीब 2500 नेत्र ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए जा चुके हैं। उन्होंने यह भी बताया कि शिविर में आंखों के इलाज के अतिरिक्त हर्निया, हाइड्रोसिल और गायनी जैसी अन्य बीमारियों का भी उपचार किया जा रहा है। कड़कड़ाती ठंड के बावजूद, शिविर में हजारों मरीजों के लिए रहने, खाने और पीने की समुचित व्यवस्था की गई। इस दौरान पूर्व मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप ने हनुमान मंदिर के पुजारी से आशीर्वाद लिया। सेवादार मनीष मेहरोत्रा ने उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

