विकासनगर 5 जनवरी (आरएनएस)। जौनसार बावर के बाशिंदों के हक-हकूकों पर डाका डालने और जनजाति वर्ग का शोषण करने का आरोप कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर लगाया है। सोमवार को नगर के एक होटल में मीडिया से वार्ता करते हुए चकराता विधान सभा के यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार बीते चार से जनजाति वर्ग का शोषण कर उन्हें उनके अधिकारों से वंचित कर रही है। यूथ कांग्रेस के विधान सभा अध्यक्ष सूरज तोमर ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार जनजाति क्षेत्र के लोगों के हक हकूकों को समाप्त कर रही है। साजिश के तहत जनजाति वर्ग की उपेक्षा की जा रही है। साल 1967 में जौनसार बावर के जनजाति क्षेत्र घोषित होते ही उन्हें कुछ विशेष संवैधानिक अधिकार भी मिले हैं। इन अधिकारों से अब उन्हें वंचित किया जा रहा है। चकराता विधायक प्रतिनिधि श्याम दत्त वर्मा ने कहा कि जनजाति वर्ग के लोगों ने अपने अधिकार छोड़कर जंगल सरकार को सौंपे, लेकिन अब उन्हें हर साल मिलने वाली माफी की लकड़ी से वंचित रखा जा रहा है। बीते चार साल से माफी की लकड़ी नहीं मिलने के कारण गांवों में गरीब परिवार अपने लिए आवास निर्माण नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यहां की नदियों से उप खनिज चुगान कर सरकार करोड़ों का राजस्व कमा रही है, लेकिन स्थानीय निवासियों को उप खनिज से भी वंचित रखा जा रहा है। कहा पूरे प्रदेश में 80 प्रतिशत जंगलों की सुरक्षा जनजाति वर्ग के लोग कर रहे हैं, लेकिन सरकार उन्हें संवैधानिक तौर पर जंगलों के उपयोग के अधिकार से वंचित कर रही है। कहा कि 19 जनवरी तक माफी लकड़ी नहीं मिलने पर 20 जनवरी से कांग्रेस पार्टी प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू कर देगी। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय किशोर महेंद्रू, उमा दत्त जोशी, सरदार सिंह, संजय चौहान, शम्मी प्रकाश आदि मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

