विकासनगर 5 जनवरी (आरएनएस)। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत सोमवार को विकासखंड कालसी स्थित पजिटिलानी मिनी स्टेडियम में वृहद बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल ने की। शिविर के माध्यम से आम जनता को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया गया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल एवं जिलाधिकारी सविन बंसल ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा देहरादून जिला सूचना अधिकारी कार्यालय द्वारा प्रकाशित विकास पुस्तिका-2025 का विमोचन भी किया। शिविर में लगाए गए विभागीय स्टॉलों के माध्यम से 1286 से अधिक लोगों को लाभान्वित किया गया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री का संकल्प है कि राज्य के प्रत्येक नागरिक तक सरकार की योजनाओं का लाभ पारदर्शी, सरल एवं समयबद्ध रूप से पहुंचे और कोई भी व्यक्ति बुनियादी सुविधाओं से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप ऐसे शिविर सुदूरवर्ती एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार अंत्योदय की भावना से कार्य कर रही है और अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी सविन बंसल ने आश्वस्त किया कि जनता से संबंधित प्रत्येक समस्या पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। शिविर में राज्यमंत्री कुलदीप कुमार, उपाध्यक्ष अमर सिंह चौहान, मंडल अध्यक्ष प्रवीन चौहान, युवा मोर्चा अध्यक्ष विनय नौटियाल, जिपं सदस्य दीवान सिंह व मधु चौहान, ब्लॉक प्रमुख सावत्री चौहान, ज्येष्ठ प्रमुख मीना राठौर, कनिष्ठ उप-प्रमुख प्रियंका चौहान, ग्राम प्रधान दयाराम शर्मा, क्रांति तोमर, सीडीओ अभिनव शाह, एसडीएम प्रेम लाल सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। शिविर में प्रमुखता से उठा लोगों के हक-हकूक और डेमोग्राफी का मुद्दा : शिविर में कुल 178 शिकायतें प्राप्त हुईं। प्रभारी मंत्री ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई एवं त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर कोई भी शिकायत अनावश्यक रूप से लंबित न रखी जाए। इस दौरान जौनसार-बावर के लोगों के पारंपरिक अधिकारों का मुद्दा विशेष रूप से सामने आया। स्वाभिमान मोर्चा के अध्यक्ष बॉबी पंवार ने जौनसार-बावर के लोगों के हक-हकूकों पर हो रहे कुठाराघात का मामला उठाते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों को वर्षों से माफी की लकड़ी का अधिकार प्राप्त है, लेकिन अब यह अधिकार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि लोग अपने खेतों से पेड़ नहीं काट पा रहे हैं, जबकि हाईकोर्ट द्वारा भी यह अधिकार दिया गया है। वहीं रुद्र सेना के राकेश उत्तराखंडी ने त्यूणी और जौनसार-बावर क्षेत्र में बाहरी लोगों एवं वन गुर्जरों द्वारा भूमि पर किए जा रहे कब्जों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र की डेमोग्राफी में लगातार बदलाव आ रहा है, जो गंभीर चिंता का विषय है।शिविर में ग्राम पंजीटिलानी, सलगा, खमरौली, चिबोऊ, टिबोऊ, मलौऊ, चन्दोऊ, खोई, सुयोऊ, जिसऊ घराना सहित अन्य गांवों के ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, वन, शिक्षा, विद्युत, सोलर लाइट, आर्थिक सहायता, आपसी विवाद और मुआवजा से संबंधित समस्याएं रखीं। ग्रामीणों ने खमरौली-चिबोऊ मोटर मार्ग के निर्माण के दौरान डामरीकरण में घटिया सामग्री के प्रयोग तथा वर्तमान में सड़क के पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त होने की शिकायत दर्ज कराई। इसी प्रकार कोठा बैंड-पंजियां मोटर मार्ग एवं खमरौली मोटर मार्ग के निर्माण के दौरान वर्ष 2008 से कृषि भूमि एवं फलदार वृक्षों के दबान का मुआवजा न मिलने की शिकायत पर पीएमजीएसवाई द्वारा अवगत कराया गया कि उक्त सड़कें लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित की जा चुकी हैं। वहीं पीएचसी कोटी एवं पंजीटिलानी में चिकित्सकों की कमी और एंबुलेंस की अनुपलब्धता की शिकायत पर प्रभारी मंत्री ने सीएमओ को समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। वहीं पंजीटिलानी क्षेत्र में शिक्षकों के समय पर विद्यालय न आने की शिकायत पर जिलाधिकारी को जांच कराने के निर्देश दिए गए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

