कुशीनगर, 06 जनवरी (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद में आगामी 22 फरवरी को मेगा, वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा।
उक्त आशय की जानकारी अपर जिला जज, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुशीनगर शैलेन्द्र मणि त्रिपाठी ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी है। उन्होंने बताया है कि उक्त शिविर में जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का एक ही मंच पर समन्वय, प्रसार-प्रचार एवं लाभार्थियों को त्वरित सहायता प्रदान की जाएगी। शिविर के माध्यम से आम जन को विधिक सहायता, सरकारी योजनाओं की जानकारी तथा पात्र व्यक्तियों को लाभ दिलाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया है कि इस मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में जिला विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, महिला एवं बाल कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, कृषि, स्वास्थ्य, श्रम, राजस्व, परिवहन, पंचायती राज, ग्रामीण विकास, उद्योग, पुलिस, बैंकिंग, बीमा, पशुपालन, मत्स्य पालन सहित कुल 44 विभागों एवं संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा है कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संबंधित समस्त विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित तिथि को अपने विभागीय स्टॉल, योजनाओं की जानकारी, पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करें। जिससे आमजन को अधिकतम लाभ मिल सके। यह शिविर जनसामान्य को न्याय तक सुलभ पहुंच उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

