कुशीनगर, 06 जनवरी (आरएनएस)। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जेम पोर्टल के संबंध में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन जिला उद्योग केन्द्र द्वारा किया गया। कार्यशाला में राज्य जेम प्रकोष्ठ, निर्यात भवन, लखनऊ के स्टेट कोऑर्डिनेटर ट्रेनर अंकित शुक्ला द्वारा जेम पोर्टल से संबंधित नवीनतम शासनादेशों, जेम के माध्यम से वस्तुओं एवं सेवाओं की क्रय प्रक्रिया तथा शासकीय क्रय की अनिवार्यता के विषय में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा उठाए गए समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित सभी विभागीय अधिकारियों को कार्यशाला से अधिकतम लाभ प्राप्त करने हेतु प्रेरित करते हुए शासकीय नियमों एवं दिशा-निर्देशों के कड़ाई से अनुपालन पर बल दिया तथा सभी को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के संयोजक उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग केन्द्र ने अपने संबोधन में अवगत कराया कि शासन द्वारा सभी शासकीय विभागों के लिए जेम पोर्टल के माध्यम से वस्तुओं एवं सेवाओं का क्रय अनिवार्य कर दिया गया है। उन्होंने सभी विभागों से अनुरोध किया कि वे शत-प्रतिशत क्रय जेम पोर्टल के माध्यम से किए जाने की कार्यवाही सुनिश्चित करें।
कार्यशाला में वरिष्ठ कोषाधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, सहित जनपद के समस्त जिला स्तरीय विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

