जौनपुर 6 जनवरी (आरएनएस )। सुरेरी थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर बाजार में रेस्टोरेंट संचालक की पत्नी की बीते दो दिसंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसने से उपचार के दौरान हुई मौत ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। बीते एक माह पूर्व खौलते तेल से गंभीर रूप से झुलसी विवाहिता 28 वर्षीया नेहा ने उपचार के दौरान बीते सोमवार को दम तोड दिया। घटना के बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया, लेकिन मौत की परिस्थितियां अब भी कई सवाल खडे कर रही हैं। मृतका के पति शंकर मोदनवाल का कहना है कि नेहा घर के अंदर किचन में बूंदी निकाल रही थी। इसी दौरान संतुलन बिगडने से वह खौलते तेल में गिर गई, जिससे उसका शरीर बुरी तरह झुलस गया। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए भर्ती कराया गया था, जहां लंबे उपचार के बाद बीते सोमवार को उसकी मौत हो गई। वहीं, स्थानीय लोगों के अनुसार घटना वाले दिन पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी,इसके बाद विवाहिता के झुलसने की खबर सामने आने से मामले को लेकर संदेह और गहराता जा रहा है। बाजार और आसपास के इलाकों में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। वहीं अब तक सुरेरी थाने पर किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। प्रभारी निरीक्षक सुरेरी राजेश कुमार मिश्र का कहना है कि शिकायत न मिलने के कारण कोई विधिक कार्रवाई नहीं की गई है। ऐसे में खौलते तेल से झुलसने की यह घटना हादसा थी या इसके पीछे कोई और कारण था यह सवाल अब भी रहस्य बना हुआ है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

