लखनऊ 6 जनवरी (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने मंगलवार को 1090 चौराहे से लखनऊ दर्शन इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह विशेष पर्यटन बस राजधानी की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और विरासत स्थलों से देशी-विदेशी पर्यटकों और शहरवासियों को परिचित कराएगी। बस 1090 चौराहे से चलकर विधान सभा, हजरतगंज सहित अन्य प्रमुख स्थलों का भ्रमण कराते हुए ऐतिहासिक रेजीडेंसी भवन पहुंचेगी। यात्रा के दौरान यात्रियों के लिए सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था की गई है, साथ ही उन्हें तुलसी का बीज भी प्रदान किया जाएगा। बस में प्रशिक्षित गाइड तैनात रहेंगे, जो विभिन्न स्थलों के इतिहास, कहानियों और स्थापत्य कला की जानकारी देंगे।अपने संबोधन में पर्यटन मंत्री ने कहा कि लखनऊ का गौरवशाली अतीत और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराएं इसकी पहचान हैं। राजधानी में ऐतिहासिक भवनों और धार्मिक स्थलों की भरमार है। नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोडऩे और विदेशी पर्यटकों को लखनऊ की गौरवगाथा से अवगत कराने के उद्देश्य से लखनऊ दर्शन बस सेवा की शुरुआत की गई है। यह डबल डेकर बस 7 जनवरी से नियमित रूप से संचालित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह सेवा राजधानी के पर्यटन विकास की दिशा में एक नई उपलब्धि है, क्योंकि पर्यटन के विस्तार से रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और स्थानीय लोगों की आय के नए रास्ते खुलते हैं।पर्यटन मंत्री ने कहा कि लखनऊ के विरासत भवनों से जुड़ा इतिहास, उनकी कहानियां और स्थापत्य कला पर्यटकों के सामने जीवंत रूप में प्रस्तुत की जाएगी। अगले चरण में इस बस सेवा को राष्ट्र प्रेरणा स्थल तक विस्तारित करने का प्रयास किया जाएगा, जो हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोकार्पित किया गया है और लखनऊ की समृद्ध विरासत श्रृंखला की एक नई कड़ी है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए भविष्य में बसों की संख्या बढ़ाए जाने की भी संभावना जताई गई। उन्होंने लखनऊ दर्शन इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा की सफल शुरुआत के लिए महानिदेशक पर्यटन राजेश कुमार द्वितीय, उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक आशीष कुमार और पर्यटन विभाग के अधिकारियों की सराहना की तथा इस पहल को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग देने वाले मीडिया कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि नवाबों के शहर लखनऊ को अपने लजीज व्यंजनों की वैश्विक ख्याति के कारण यूनेस्को की सूची में स्थान प्राप्त है।उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक आशीष कुमार ने बताया कि पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लखनऊ दर्शन इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा प्रतिदिन दो पालियों, सुबह और शाम, में संचालित की जाएगी। यात्री अपनी सुविधा के अनुसार टूर पैकेज का चयन कर सकेंगे। वयस्कों के लिए प्रति व्यक्ति किराया 500 रुपये और 5 से 12 वर्ष आयु के बच्चों के लिए 400 रुपये निर्धारित किया गया है। अधिक से अधिक लोगों को जोडऩे के उद्देश्य से 31 जनवरी तक टिकट बुकिंग पर 10 प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है। इच्छुक यात्री यूपीएसटीडीसी की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं। यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए टूर गाइड भी उपलब्ध रहेंगे।इस अवसर पर महानिदेशक पर्यटन राजेश कुमार द्वितीय, आशीष कुमार, डॉ. वीरेन्द्र कुमार सहित पर्यटन विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

