लखनऊ 6 जनवरी (आरएनएस ) । यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने और सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट द्वारा दोपहिया वाहनों के विरुद्ध एक विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस व्यापक और प्रभावी अभियान के दौरान नियम तोडऩे वालों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 6,859 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 163 दोपहिया वाहन सीज किए गए।यह विशेष अभियान 05 जनवरी 2026 को पूरे शहर में एक साथ संचालित किया गया। पुलिस आयुक्त अमरेंद्र कुमार सेंगर के दिशा-निर्देशन तथा संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) बबलू कुमार के पर्यवेक्षण में कमिश्नरेट के सभी थानों, चौकियों और क्रिटिकल कॉरिडोर क्षेत्रों में बैरियर लगाकर सघन जांच की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य बिना हेलमेट, मॉडिफाइड साइलेंसर, तेज रफ्तार, ट्रिपल राइडिंग, विपरीत दिशा में वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट और बिना वैध दस्तावेज जैसे गंभीर यातायात उल्लंघनों पर रोक लगाना था।शहर के पश्चिमी, मध्य, उत्तरी, पूर्वी और दक्षिणी—सभी पांच जोनों में पुलिस उपायुक्तों के नेतृत्व में संबंधित सहायक पुलिस आयुक्तों और थाना प्रभारियों की टीमों ने दो शिफ्टों में कार्रवाई की। दोपहर 3 बजे से 4 बजे तक और शाम 7 बजे से 8 बजे तक प्रमुख बाजार क्षेत्रों, व्यस्त चौराहों, बस स्टैंडों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन चेकिंग की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में ऐसे वाहन पकड़े गए जो बिना हेलमेट चल रहे थे या जिनमें अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर लगे थे। कई वाहनों को वैध कागजात न होने और अवैध परिवर्तन के कारण सीज किया गया।जोनवार कार्रवाई की बात करें तो पश्चिमी जोन में 568 चालान और 35 वाहन सीज किए गए, मध्य जोन में 479 चालान के साथ 2 वाहन सीज हुए, उत्तरी जोन में 327 चालान और 18 वाहन सीज किए गए, पूर्वी जोन में 186 चालान के साथ 2 वाहन सीज हुए, जबकि दक्षिणी जोन में 247 चालान और 3 वाहन सीज किए गए। यातायात पुलिस द्वारा भी अलग से कार्रवाई करते हुए 5,051 चालान और 93 वाहन सीज किए गए। अभियान के दौरान कैसरबाग-हुसैनगंज, नखास, अटल चौक, तेलीबाग चौराहा, 1090 चौराहा, आईटी चौराहा, निशातगंज क्रॉसिंग, अवध चौराहा सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई।पुलिस ने कार्रवाई के साथ-साथ वाहन चालकों को हेलमेट के महत्व, गति सीमा के पालन और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक भी किया। लखनऊ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन मजबूरी नहीं बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करें, मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें, वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध परिवर्तन न कराएं, ट्रिपल राइडिंग से बचें और उच्च सुरक्षा पंजीकरण प्लेट का उपयोग सुनिश्चित करें।पुलिस आयुक्त अमरेंद्र कुमार सेंगर ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का पालन कराने की यह पहल एक दीर्घकालिक प्रतिबद्धता है, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और नागरिकों के जीवन की रक्षा करना है। भविष्य में भी लखनऊ पुलिस द्वारा इस तरह के विशेष अभियान और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेंगे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

